कार्यकर्ताओं ने नई प्रेरणा एवं हर्षोल्लास के साथ मनाया भाजपा का स्थापना दिवस

भिण्ड, 06 अप्रैल। भारतीय जनता पार्टी की स्थापना विपरीत परिस्थितियों में हुई। इस वर्ष हम पार्टी का 42वां स्थापना दिवस मना रहे हैं। लाखों बलिदानों के बाद आज भाजपा वटवृक्ष के रूप में हमारे सामने है। आज भाजपा विश्व का सबसे बड़ा कार्यकर्ताओं का संगठन बना है, तो इसके पीछे कार्यकर्ताओं की अथक मेहनत और डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी, पं. दीनदयाल उपाध्याय और कुशाभाऊ ठाकरे जैसे महापुरुषों के बलिदान और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विजन का परिणाम है। पार्टी का स्थापना दिवस लाखों कार्यकर्ताओं में नई प्रेरणा और ऊर्जा का संचार करता है। यह बात जिलाध्यक्ष नाथूसिंह गुर्जर ने बुधवार को पार्टी के स्थापना दिवस पर मालनपुर मण्डल के कार्यक्रम में संबोधित करते हुए कही।


इस मौके पर भाजपा अजा मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्वमंत्री लालसिंह आर्य ने कहा कि 21 अक्टूबर 1951 को डॉ. श्यामप्रसाद मुखर्जी ने जनसंघ की स्थापना की। हमारी वैचारिक यात्रा 71 वर्ष पुरानी है। स्वाधीनता के बाद 1951 में जनसंघ के रूप में विचार ने जन्म लिया, उस विचार के लिए राजनीतिक दल के रूप में भारतीय जनता पार्टी लगातार काम कर रही है। भारत आजाद जरूर हुआ, लेकिन आजादी के बाद की जो तस्वीर थी, उसमें कांग्रेस तुष्टीकरण की राह पर चल रही थी। 1952 में पं. दीनदयाल उपाध्याय राष्ट्रीय महासचिव बनाए गए और देश में राष्ट्रवाद को लेकर भारतीय जनसंघ आगे बढ़ा। जनसंघ ने स्थापना के बाद दो सीटें जीतकर भारतीय राजनीति में अपनी उपस्थिति का संकेत दिया। आज भाजपा लोकसभा और राज्यसभा में सर्वाधिक सीटों वाला दल बन गया है। देश के सर्वाधिक भूभाग पर भाजपा की प्रदेश सरकारें पं. दीनदयाल के विचार को धरातल पर उतार रही हैं।
उन्होंने कहा कि किसी भी राजनीतिक दल के स्थापना दिवस का स्मरण सच्चे मायने में उसके संकल्पों की समीक्षा और पुनव्र्याख्या का सुअवसर भी है। चार दशक बाद भी यदि किसी राजनीतिक दल की अपनी विश्वसनीयता बढ़ती जा रही है तो नि:संदेह वह अपनी सही दिशा में चल रहा है। इस दृष्टि से विचार करें तो आज पूरी दुनिया देख रही है कि भाजपा ने स्थापना से लेकर जो बातें और जो मुद्दे जनता के सामने रखे उन बातों को पूरा करते हुए और मुद्दों पर अडिग रहकर भाजपा नेतृत्व ने काम किया है। चाहे कश्मीर से धारा 370 को हटाने की बात हो या प्रभु श्रीराम के मन्दिर निर्माण के सपने को पूरा करने का काम हो। इसी प्रकार नागरिकता संशोधन कानून, राष्ट्रीय सुरक्षा के मामले में भाजपा सरकार ने निर्भीकता से कड़े कदम उठाकर विश्व को चकित किया है। उन्होंने कहा कि विगत सात सालों में मोदी सरकार की जनकल्याणकारी व विकासोन्मुखी योजनाओं ने देश में गरीबों का जीवन ही बदल दिया है।
प्रदेश उपाध्यक्ष चौ. मुकेश सिंह चतुर्वेदी ने कहा कि पार्टी का स्थापना दिवस कार्यकर्ताओं के लिए उत्साह और उमंग का दिन है। हम सबका जो संकल्प है देश को परम वैभव के शिखर पर पहुंचाने के लिए प्राणपण से जुटे रहें। हम नई सोच और संकल्प के साथ इस दिशा में आगे बढ़ेंगे।