भाजपा संगठन का कार्य समाज के हर वर्ग के कार्यकर्ताओं के सहयोग से चलता है : शर्मा

भाजपा प्रदेश सह संगठन महामंत्री ने जिले में बूथ विस्तार, आजीवन सहयोग निधि योजना की विस्तार से की समीक्षा

भिण्ड, 13 मार्च। समर्पण निधि अभियान की समीक्षा करते हुए कहा कि भाजपा संगठन का कार्य समाज के हर वर्ग के कार्यकर्ताओं के सहयोग से चलता है। इसके लिए हर वर्ष संगठन द्वारा पं. दीनदयाल उपाध्याय की पुण्यतिथि 11 फरवरी से आजीवन सहयोग निधि एकत्रीकरण अभियान चलाया जाता है। इसमें समाज के हर वर्ग को जोड़कर संगठन के लिए सहयोग लिया जाए और कार्यकर्ताओं से भी अधिक से अधिक समर्पण कराया जाकर लक्ष्यानुसार समर्पण निधि जुटाई जाए। यह बात भाजपा प्रदेश सह संगठन मंत्री हितानंद शर्मा ने शनिवार को मालनपुर के मनिहर होटल में कुशाभाऊ ठाकरे की जन्म शताब्दी वर्ष पर भाजपा जिला संगठन की आयोजित बूथ विस्तारक योजना एवं आजीवन सहयोग निधि अभियान की संगठनात्मक समीक्षा बैठक में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कही। बैठक में भाजपा जिलाध्यक्ष नाथूसिंह गुर्जर, भाजपा अजा मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालसिंह आर्य, प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री ओपीएस भदौरिया, निगम मण्डल उपाध्यक्ष रणवीर जाटव, प्रदेश उपाध्यक्ष मुकेश चौधरी, जिला प्रभारी भाजपा जेपी राजौरिया, मेहगांव की पूर्व नप अध्यक्ष ममता भदौरिया मौजूद थे।


भाजपा प्रदेश सह संगठन मंत्री हितानंद शर्मा ने कहा कि तकनीकी दिक्कतों को दूर कर जिले में शेष रह गए बूथों का डिजिटलाइजेशन शीघ्र किया जाना सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि अशोकनगर के जिला अध्यक्ष, कार्यकर्ताओं का संगठन के प्रति दायित्व सराहनीय है। उन्होंने कार्यकर्ताओं का उत्साह वर्धन करते हुए कहा कि जिले के 95 प्रतिशत बूथों की इकाई का मोबाइल ऐप के माध्यम से एंट्री कर डिजिटलाइजेशन किया जा चुका है और जिले के 1400 बूथों में से 1350 बूथों का डिजिटलाइजेशन कार्यकर्ताओं द्वारा अपनी लगन और मेहनत से पूर्ण कर लिया गया है। इसके लिए संगठन के देवतुल्य कार्यकर्ता बधाई के पात्र हैं। उन्होंने कहा कि शेष से रह गए 75 बूथों के डिजिटलाइजेशन का कार्य भी प्राथमिकता से किया जाना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि इस कार्य में जो भी तकनीकी दिक्कत आ रही है उसे दूर किया जाए।
उन्होंने मतदान केन्द्रों की इकाई पर अध्यक्ष, महामंत्री, बीएलए और मतदान अभिकर्ता के प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए। इस दौरान भाजपा जिला अध्यक्ष नाथूसिंह गुर्जर ने संगठन द्वारा किए गए कार्यों एवं आगामी कार्यक्रमों का विस्तार से प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। बैठक में पूर्व विधायक, जिला पदाधिकारी, मोर्चा अध्यक्ष एवं अन्य वरिष्ठ जेष्ठ श्रेष्ठ कार्यकर्ता सहित संगठन के सभी अपेक्षित पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। अंत में आभार केपी भदौरिया ने व्यक्त कया।