हम फाउण्डेशन की जिला कार्यशाला में नवीन कार्यकारिणी का हुआ दायित्व ग्रहण

भिण्ड, 16 जून। सामाजिक संगठन हम फाउण्डेशन की जिला कार्यशाला स्थानीय गायत्री बीएड कॉलेज हैवतपुरा के प्रांगण में आयोजित की गई। जिसका शुभारंभ भारत माता एवं स्वामी विवेकानंद के चित्र पर माल्यार्पण कर दीप प्रज्जवलन के साथ हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि हम फाउण्डेशन मुरैना की जिलाध्यक्ष राधा राजौरिया, विशिष्ट अतिथि के रूप में सेवानिवृत्त नायब तहसीलदार प्रदीप ऋषीश्वर, मुरैना शाखा की अध्यक्ष जया शर्मा, प्रदेश वित्त महामंत्री प्रो. रामानंद शर्मा विशेष रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता एवं संचालन फाउण्डेशन के प्रदेश अध्यक्ष प्रो. इकबाल अली ने किया।
मुरैना से आई हम फाउण्डेशन की जिलाध्यक्ष राधा राजौरिया ने कार्यशाला को संबोधित करते हुए कहा कि जो संगठन के प्रकल्प हैं, उनमें महिलाओं की भूमिका सक्रिय होनी चाहिए। उन्होंने बेटी बचाओ, बेटी पढाओ, महिला जागरूकता, संस्कार पर महिलाओं की सक्रिय भूमिका पर जोर दिया। फाउण्डेशन के प्रदेश वित्त महामंत्री प्रो. रामानंद शर्मा ने संपर्क, संस्कार व सेवा प्रकल्पों के प्रभावी क्रियान्वयन की तकनीकी जानकारी दी। इसी क्रम में डॉ. मोहित दुबे ने संगठन के प्रोटोकॉल, पदाधिकारी द्वारा प्रभावी रूप से शाखा संचालन व समन्वयन के बारे में जानकारी प्रदान की। मुरैना सिटी शाखा की अध्यक्ष जया शर्मा ने बताया कि संगठन को वंचित व जरूरतमंद वर्गों के उत्थान के लिए शाखा स्तर कार्य करना चाहिए। सेवानिवृत नायब तहसीलदार प्रदीप ऋषीश्वर ने कहा कि भिण्ड में हम फाउण्डेशन बहुत ही अच्छा कार्य कर रहा है। संगठन के सभी सदस्यों द्वारा मानवता की सेवा का कार्य किया जा रहा हैं।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे प्रदेश अध्यक्ष प्रो. इकबाल अली ने साहचर्य, सेवा व संस्कार जैसे प्रकल्पों के प्रभावी कार्यान्वयन की योजना बनाकर प्रत्येक स्तर कार्यक्रम में सदस्यों की सक्रिय भूमिका निभाने को कहा। अंत में हम फाउण्डेशन के जिलाध्यक्ष विपुल सेठ ने चारों शाखाओं द्वारा किए जा रहे कार्यों का प्रतिवेदन पढा। इस अवसर पर प्रांतीय वित्त महामंत्री शैलेष सक्सेना, जिला सचिव दिनेश लोधी, विवेकानंद शाखा के अध्यक्ष योगेश शर्मा, सचिव शिवम श्रीवास्तव, कोषाध्यक्ष अमनदीप सिंह भदौरिया आदि उपस्थित थे।
नवीन कार्यकारिणी को दिलाई शपथ
हम फाउण्डेशन जिला भिण्ड की चारों शाखों की नवनिर्वाचित कार्यकारिणी का शपथ ग्रहण किया गया। जिसकी अध्यक्षता प्रो. रामानंद शर्मा ने की। मुख्य अतिथि मुरैना की जिला अध्यक्ष राधा राजौरिया एवं विशिष्ट अतिथि के रूप में सिटी शाखा की अध्यक्ष मुरैना जया शर्मा उपस्थित थी।
इस अवसर पर संस्कृति शाखा की अध्यक्ष डॉ. सुमित्रा भदौरिया, महिला सहभागिता प्रमुख कमलेश बाथम, उपाध्यक्ष इशा सेठ, सचिव संगीता अग्रवाल, कोषाध्यक्ष समीक्षा सक्सेना, ज्योति श्रीवास्तव, भारती शर्मा, रूबी नरवरिया एवं अन्य कार्यकारी सदस्यों को राधा राजौरिया ने पद एवं हम फाउण्डेशन परिवार के प्रति दायित्व की शपथ दिलाई। इसी क्रम में सिटी शाखा, विवेकानंद एवं केशवानंद शाखा के सभी नवीन दायित्वधारियों को संगठन के प्रति सेवा भाव से कार्य करने की शपथ दिलाई गई। इस अवसर पर सिटी शाखा के अध्यक्ष अरविन्द सिंह भदौरिया, सचिव अजीत उपाध्याय, कोषाध्यक्ष विकास सिंह कुशवाह, केशवानंद शाखा के अध्यक्ष संतोष सिंह नरवरिया, सचिव रणजीत सिंह बघेल, बीएस तोमर, अंकित बंसल आदि उपस्थित थे।