वृंदावन आश्रम में श्रीमद् भागवत कथा का आयोजन सात से
भिण्ड, 05 दिसम्बर। जिले के धार्मिक स्थल दंदरौआ धाम में मंगलवार को हजारों की संख्या में श्रृद्धालु डॉक्टर हनुमान के दर्शन के लिए पहुंचे। उन्होंने हनुमानजी के दर्शन कर महामण्डलेश्वर महंत रामदास महाराज से आशीर्वाद लिया। महराज ने श्रद्धालुओं को आशीर्वाद देते हुए कहा कि मनुष्य का जीवन बिना सत्संग के नहीं चल सकता हैं। जीवन में सत्संग बहुत महत्व रखता है, सत्संग से हमें धर्म पर चलने की प्रेरणा मिलती है। सत्संग का अर्थ है सभी मनुष्य मिलकर चलें इसलिए मनुष्य को हमेशा सत्संग करते रहना चाहिए।
उन्होंने बताया कि उनके सानिध्य में वृंदावन धाम स्थित दंदरौआ आश्रम परिसर में श्रीमद् भागवत कथा सप्ताह ज्ञान यज्ञ का आयोजन सात दिसंबर गुरुवार से 13 दिसंबर बुुधवार तक दोपहर 12 बजे से शाम चार बजे तक किया जा रहा है। 14 दिसंबर गुरुवार को विशाल भण्डारा होगा। कथा व्यास आचार्य पं. रामस्वरूप शास्त्री पारसेन ग्वालियर वाले होंगे। व्यवस्थापक राधिकादास महाराज द्वारा कराई जा रही है। परीक्षित वेदवती-रामबिहारी भारद्वाज निवासी कोकसिंह का पुरा जिला भिण्ड हैं। इस मौके पर रामबरन पुजारी, जलज त्रिपाठी, नरसी दद्दा, रामनिहोर जोशी सहित सैकडों श्रृद्धालु मौजूद रहे।