गंदे दूषित पेयजल की आपूर्ति से भडक़े भाजपा अध्यक्ष

कहा- लेंगे न्यायालय की शरण

भिण्ड, 22 जून। प्रदेश में भाजपा की सरकार होने के बावजूद भाजपा नगर मण्डल अध्यक्ष विवेक जैन ने नगर पालिका प्रशासन द्वारा समस्या निराकरण न होने पर न्यायालय की शरण मे जाने की चेतावनी दी है।
पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए भाजपा नगर मण्डल अध्यक्ष विवेक जैन ने कहा कि नगर पालिका चुनाव में गोहद नगर की जनता ने कांग्रेस को अवसर दिया, जिसके चलते कांग्रेस को गोहद नगर पालिका में काबिज होने का मौका मिला, उस समय भी कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं ने भाजपा पर गंभीर आरोप लगाते हुए संवेदनशील प्रशासन देने का वादाा किया, लेकिन कांग्रेस सिर्फ षड्यंत्र रच कर सत्ता में हासिल करना जानती है। सन 2018 के विधानसभा चुनाव में किसानों का कर्जा माफ कर सत्ता पर काबिज हुए, उपचुनाव में कण्डों के नाम पर विधायक बने। यही षडय़ंत्र नगर पालिका चुनाव में किया और जनता के मत हासिल कर लिए। पेयजल उपलब्ध कराना प्राथमिकता में आता है, लेकिन गोहद की जनता को गंदा और बदबूदार पानी प्रदाय किया जा रहा है। लोग पेयजल के लिए दरदर भटक रहे हैं, लोग काम-धंधा छोडक़र पानी की तलाश में दिन-रात भटक रहे हैं। हेण्डपंप भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ गए।
गोहद नगर मण्डल अध्यक्ष विवेक जैन ने कहा कि नगर में पेयजल आपूर्ति से पूर्व पानी का फिल्टर किया जाता है। जिसमें ऐलम, ब्लीचिंग एवं क्लोरीन का उपयोग किया जाता है। लेकिन यहां वेशली जलाशय से सीधे पानी प्रदाय किया जा रहा है। उक्त पानी पीना तो दूर, शौचक्रिया के लायक भी नहीं है। मजबूरन पानी का उपयोग करने से जनता संक्रामक बीमारियों की चपेट में है। उन्होंने नगर पालिका को चेतावनी दी है अगर समस्या का निराकरण नहीं हुआ तो न्ययालय की शरण में जाएंगे। पत्रकार वार्ता में आशीष शर्मा, सौरभ पाण्डे, जुगलकिशोर सोनी, आकाश सोनी, कपिल गुप्ता उपस्थित थे।