मप्र पर्यटन के लिए बने गीत ‘आमंत्रण है आओ मध्य प्रदेश’ को कलेक्टर ने किया लॉन्च

भिण्ड, 13 दिसम्बर। भिण्ड बदल रहा है, खेलों में अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना रहे यहां के खिलाड़ी और अब अन्य क्षेत्रों में भी भिण्ड की युवा ऊर्जा का प्रदर्शन दिखने लगा है। मप्र के लिए भिण्ड के खेल प्रशिक्षक राधेगोपाल यादव द्वारा लिखा पर्यटन गीत ‘आमंत्रण है आओ मध्य प्रदेश’ भिण्ड के ही धर्मेन्द्र भदौरिया ने अपने संगीत से संवारा और उसके बोल भी भिण्ड के अश्मित सिंह कुशवाहा ने दिए हैं।
इस गीत पर अभिनय इंदौर के कलाकार रुद्रकुमार के साथ राष्ट्रपति सम्मानित से मप्र की मशहूर नृत्यांगना रागिनी द्वारा किया गया है। साथ ही गीत में किशोरी पब्लिक स्कूल की बालिकाओं का नृत्य भी सम्मिलित किया गया है। निर्देशन राजेश मिश्रा ने किया। इसके अलावा मप्र के विभिन्न जगहों पर जाकर के इसकी शूटिंग हुई है। जिसमें भिण्ड, ग्वालियर, अमरकंटक, मुरैना, दतिया, ओरछा, छतरपुर, जबलपुर, मांडू, महेश्वर आदि प्रमुख स्थान हैं। इनके अतिरिक्त भिण्ड के कई लोगों का सहयोग इसमें रहा है। इस गीत को भिण्ड कलेक्टर डॉ. सतीश कुमार एस द्वारा लॉन्च किया गया है। यह गीत इंदौर कलेक्टर डॉ. इलैया राजा टी के प्रोत्साहन स्वरूप लिखा गया था।
गीत लॉचिंग के अवसर पर गीतकार राधेगोपाल यादव, संगीतकार धर्मेन्द्र भदौरिया, कलाकार रुद्रकुमार, पुलिस अधीक्षक शैलेन्द्र सिंह चौहान, नगर पालिका अध्यक्ष वर्षा बाल्मीक, विधायक प्रतिनिधि सुनील बाल्मीक, अमेरिका से आए भिण्ड के ही व्यवसाई संजीव त्रिपाठी, नगर पालिका उपाध्यक्ष भानुप्रताप सिंह तथा कई पार्षद सहित हजारों लोग उपस्थित थे। सभी को गीत बहुत पसंद आया। भिण्ड कलेक्टर ने गीत को हर तरह से प्रमोट करने के लिए आश्वासन दिया और पर्यटन के संचालक से भी बात करने की बात कही।