लहार में कांग्रेस बीएलए की बैठक और प्रशिक्षण आयोजित

भिण्ड, 09 नवम्बर। लहार विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस पार्टी की संगठनात्मक गतिविधियों को मजबूती प्रदान करने के उद्देश्य से मप्र के पूर्व नेता प्रतिपक्ष डॉ. गोविन्द सिंह की मौजूदगी में बीएलए (बूथ लेवल एजेंट) की एक महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई। यह बैठक लहार स्थित मंगलम गार्डन और दबोह में कांग्रेस कार्यालय पर आयोजित की गई, जिसमें क्षेत्र के कांग्रेस कार्यकर्ता, पदाधिकारी और बूथ स्तर के सदस्यों ने बड़ी संख्या में भाग लिया। बैठक का मुख्य उद्देश्य आगामी राजनीतिक चुनौतियों के लिए पार्टी कार्यकर्ताओं को तैयार करना और संगठन को निचले स्तर तक मजबूत बनाना था। बैठक के दौरान उपस्थित कार्यकर्ताओं को संगठन की नीतियों, सरकार की विफलताओं और जनता तक पहुंचने के प्रभावी तरीकों पर विस्तृत प्रशिक्षण (ट्रेनिंग) दी गई।
डॉ. गोविन्द सिंह ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी का भविष्य कार्यकर्ताओं के समर्पण पर निर्भर करता है और उन्हें एकजुट होकर जनता के मुद्दों को उठाना चाहिए। उन्होंने सभी को आगामी चुनावों के लिए कमर कसने और जनता के बीच जाकर कांग्रेस के संदेश को फैलाने का आह्वान किया। कांग्रेस ने भारत निर्वाचन आयोग द्वारा मतदाता सूची को त्रुटिहीन बनाने के लिए चलाए जा रहे राष्ट्रव्यापी अभियान (विशेष गहन पुनरीक्षण) के लिए अपनी जमीनी पकड़ मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए अपने बी.एल.ए. की ट्रेनिंग करवाई।
लहार में कांग्रेस पार्टी द्वारा बीएलए प्रशिक्षण के आयोजन में संतोष त्रिपाठी ने कार्यकर्ताओं को ट्रेनिंग दी। उन्होंने बताया कि आगामी चुनावी रणनीति और बूथ प्रबंधन को मजबूत करने के उद्देश्य से कांग्रेस पार्टी द्वारा लहार में बीएलए कार्यकर्ताओं के लिए महत्वपूर्ण प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह प्रशिक्षण कार्यकर्ताओं को बूथ स्तर पर पार्टी की नीतियों को प्रभावी ढंग से पहुंचाने और मतदाता सूची के प्रबंधन में दक्ष बनाने पर केन्द्रित रहा। कार्यक्रम का संचालन ब्लॉक अध्यक्ष राजकुमार शर्मा ने किया।
कार्यक्रम में भिण्ड कांग्रेस के वरिष्ठ और अनुभवी नेता, पूर्व शहर जिलाध्यक्ष डॉ. राधेश्याम शर्मा मौजूद रहे। उन्होंने कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ाया और संगठनात्मक मजबूती पर जोर देते हुए कहा कि पार्टी की सफलता की नींव बूथ पर खड़े हमारे बीएलए ही हैं। डॉ. शर्मा ने कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर, अनुशासन के साथ काम करने और केन्द्र व राज्य की जनता विरोधी नीतियों को उजागर करने का आह्वान किया। बैठक में उदय प्रताप सिंह सेंगर, नरेश सिंह चौहान, अनिरुद्ध प्रताप सिंह, केशव सिंह दद्दू, दबोह कार्यालय प्रमुख खेमरिया और शिशुपाल सिंह भदौरिया मौजूद रहे।