– वंदे मातरम ने अंग्रेजों की नींद उड़ा दी थी : शैलेश नारायण
– भाजपा जिला कार्यालय में मनाया गया वंदे मातरम् के 150 वर्ष पूर्ण होने का उत्सव
भिण्ड, 09 नवम्बर। भाजपा जिला अध्यक्ष देवेन्द्र सिंह नरवरिया ने रविवार को भाजपा जिला कार्यालय पीडब्ल्यूडी कॉलोनी में वंदे मातरम-150 अभियान की जानकारी देते हुए कहा कि वंदे मातरम वह गीत है जिसने आजादी के आंदोलन के दौरान लाखों भारतीयों को देशभक्ति, त्याग और मातृभूमि के प्रति समर्पण की भावना से ओतप्रोत किया। स्व. बंकिमचन्द्र चट्टोपाध्याय द्वारा रचित वंदे मातरम अपनी रचना के 150 वर्ष पूर्ण कर रहा है। भारतीय जनता पार्टी इस गीत की वर्षगांठ को देश और प्रदेश में उत्सव के रूप में मनाएगी।
उन्होंने कहा कि वंदेमातरम केवल शब्द नहीं, बल्कि भारत की आत्मा की आवाज़ है, जिसने हमें स्वाधीनता का स्वप्न देखने और उसे साकार करने की प्रेरणा दी। इस पूरे अभियान में सेमिनार, प्रदर्शनी, साहित्यिक प्रतियोगिताएं, सोशल मीडिया अभियान और लेखन गतिविधियां होंगी, ताकि युवाओं तक इस गीत का संदेश पहुंचे। वंदेमातरम का अभ्यास, वाद्ययंत्रों के साथ या बिना, इस आयोजन का अभिन्न अंग है, क्योंकि यह केवल गीत नहीं, हमारी राष्ट्रीय आत्मा की अभिव्यक्ति है। प्रत्येक कार्यक्रम में वंदे मातरम् गीत के गायन के पश्चात स्वदेशी संकल्प लिया जाएगा।
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता भाजपा के युवा नेता शैलेश नारायण कुशवाह ने कहा कि इस गीत का इतिहास और कहानी बेहद रोचक है। यह कोई साधारण गीत नहीं है बल्कि ऐसा संकल्प है जिसने अंग्रेजों की नींद उड़ा दी थी। भारतीय स्वतंत्रता संग्राम से संबंध रखने वाले इस गीत को आज 150 साल पूरे हो गए हैं। आज इसकी 150वीं वर्षगांठ मनाई जा रही है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने इंदिरा गांधी इंडोर स्टेडियम में राष्ट्रीय गीत वंदे मातरम के 150 साल पूरे होने के उपलक्ष्य में साल भर चलने वाले समारोह की शुरुआत की। साथ ही देशभर में जगह-जगह संस्थान, सांस्कृतिक संगठन और शैक्षणिक केन्द्र गाने के ऐतिहासिक और सांस्कृतिक महत्व को फिर से याद करने के लिएंडर कार्यक्रम आयोजित कर रहे हैं। वंदे मातरम् गीत मार्च-अप्रैल 1881 के अंक में उपन्यास के धारावाहिक प्रकाशन की पहली किस्त में छपा था। 1907 में, मैडम भीकाजी कामा ने पहली बार भारत के बाहर स्टटगार्ट, बर्लिन में तिरंगा झंडा फहराया था। उस झंडे पर वंदे मातरम लिखा हुआ था।
कार्यक्रम का प्रारंभ सभी अतिथियों ने भारत माता पं. दीनदयाल उपाध्याय एवं डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के छाया चित्रों पर दीप प्रज्जवलित कर किया गया। कार्यक्रम का संचालन जिला उपाध्यक्ष जिला स्तरीय टोली के कार्यक्रम के सदस्य उपेन्द्र शर्मा ने एवं आभार व्यक्त महिला मोर्चा की पूर्व जिला अध्यक्ष गीता भदौरिया द्वारा किया गया। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय की छात्राओं द्वारा राष्ट्रीय गीत की प्रस्तुति दी गई । भाजपा के वरिष्ठ नेता पूर्व जिला अध्यक्ष केशव सिंह भदौरिया, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य मायाराम शर्मा एडवोकेट, शैलेंद्र सिंह राजावत, कृष्णाकांता तोमर, पूर्व जिला अध्यक्ष राजेन्द्र शर्मा राजे, जिला महामंत्री धीरसिंह भदौरिया, जिला महामंत्री मनोज अनंत मंच पर उपस्थित रहे।







