– दिन में 27 डिग्री, रात का तापमान 11 डिग्री तक पहुंचा
भिण्ड, 09 नवम्बर। जिले में मौसम बदलाव आ गया है, पिछले एक सप्ताह में दिन और रात के तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है। रविवार अल सुबह न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। जबकि दिन में अधिकतम तापमान 27 डिग्री आंका गया। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में पारा और नीचे जाएगा।
सुबह और देर शाम ठंडी हवाएं चलने से लोगों ने गर्म कपड़े पहनना शुरू कर दिया है। दिन की धूप अब हल्की होने लगी है। मौसम विभाग के अनुसार पिछले रविवार की तुलना में इस सप्ताह तापमान में करीब 3 से 5 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है। पिछले सप्ताह जहां अधिकतम तापमान 30 डिग्री से ज्यादा था, वहीं रविवार को अधिकतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस तक सीमित रहा। सुबह के समय ओस की बूंदें खेतों और जमीन पर जमने लगी हैं। देर शाम तेज ठंडी हवा चल रही है। लोगों ने गर्म कपड़े पहनना शुरू कर दिया है।
सर्दी बढ़ने के साथ लोगों ने सुबह-शाम अलाव का सहारा लेना शुरू किया है। हालांकि अभी ठंड का असर बहुत तीव्र नहीं है, लेकिन चिकित्सा विशेषज्ञों ने ठंड से बचाव की सलाह दी है। खासकर बच्चों और बुजुर्गों को सुबह और शाम बाहर निकलते समय सावधानी बरतने की हिदायत दी गई है।
मौसमी बीमारियां बढ़ी
मौसम में अचानक आए इस बदलाव के चलते खांसी-जुकाम और सर्दी जैसी मौसमी बीमारियों के मरीजों की संख्या भी बढ़ रही है। लोगों को सलाह दी जा रही है कि मौसम के इस बदलाव में खुद को गर्म रखें और ठंडी हवा के सीधे संपर्क से बचें।







