– पूर्वमंत्री आर्य बने गायत्री महायज्ञ आयोजन समिति के संयोजक
भिण्ड, 08 सितम्बर। शांतिकुंज हरिद्वार के तत्वावधान में गायत्री शक्तिपीठ गोहद द्वारा जनवरी 2025 में आयोजित होने वाले 251 कुण्डीय गायत्री महायज्ञ की रूपरेखा तय करने के लिए गोष्ठी का आयोजन चक्रधारी मन्दिर मैरिज हॉल में पूर्वमंत्री लालसिंह आर्य की अध्यक्षता एवं बदन सिंह तोमर, गब्बर सिंह गुर्जर, राघवेन्द्र शर्मा के विशिष्ट आतिथ्य में संपन्न हुई। गोष्ठी का शुभारंभ पं. श्रीराम शर्मा आचार्य, वंदनीय माता के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलित कर किया गया।
इस अवसर पर पूर्वमंत्री लालसिंह आर्य ने कहा कि यह गोहद का सौभाग्य है, गायत्री शक्तिपीठ को 251 कुण्डीय गायत्री महायज्ञ के आयोजन का सौभाग्य मिला है, हम सब मिलकर आयोजन को सफल बनाएंगे। यहां गायत्री परिवार के ट्रस्टी शैलेन्द्र भदौरिया ने कहा कि गायत्री परिवार के बारे में कुछ लोगों का सोचना है कि यह सिर्फ बडे लोगों का परिवार है, लेकिन ऐसा नहीं है, इस परिवार में सभी जाति धर्म के लोग सदस्य हैं। गोहद में आयोजित गायत्री महायज्ञ में आपका सहयोग चाहिए, हमें धन नहीं चाहिए आपका समय चाहिए। गायत्री महायज्ञ के संचालन के लिए गायत्री परिवार के दो हजार सदस्यों का आगमन होगा, जो संचालन करेंगे। गायत्री महायज्ञ नि:शुल्क है, इस महायज्ञ में किसी भी जाति का व्यक्ति शामिल हो सकता है।
आयोजन समिति का गठन
गायत्री शक्तिपीठ द्वारा गायत्री महायज्ञ हेतु आयोजन समिति का गठन किया गया। इस समिति में सभी जाति के लोगों को शामिल किया गया है। जिसमें संयोजक- लालसिंह आर्य, सह संयोजक- कमल सिंह तोमर, जवान सिंह गुर्जर, राघवेन्द्र शर्मा, जगदीश गुप्ता, समिति सदस्य- ओमप्रकाश गुप्ता, भगवान लाल सेजवार, महेश शर्मा, संजय झा, भीकम कौशल, विक्रम सिंह राणा, जसवीर सिंह जस्सा, अकरम खान साबू, खान जगदीश माहोर, महेश श्रीवास्तव, राकेश सिंघल, मुन्नालाल बाथम, अशोक गुर्जर, ब्रजेन्द्र यादव, मोहन सिंह कुशवाह, राजू बाथम आदि को शामिल किया गया है।