कनेरा सिंचाई परियोजना के माध्यम से 15 हजार 500 हेक्टर कृषि की सिंचाई होगी : संध्या राय
मुख्यमंत्री ने कनेरा सिंचाई परियोजना एवं पेयजल योजना का भोपाल से वर्चुअल किया भूमि पूजन
भिण्ड, 06 अक्टूबर। मप्र शासन के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने अटेर विधानसभा क्षेत्र की प्रमुख कनेरा उद्वहन सिंचाई परियोजना एवं पेयजल परियोजना का रविन्द्र भवन भोपाल से वर्चुअल भूमि पूजन किया। जिसका लाइव प्रसारण विधानसभा क्षेत्र अटेर ग्राम कनेरा की की जनता ने देखा। वहीं भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष एवं सांसद संध्या राय, सहकारिता एवं लोकसेवा प्रबंधन मंत्री डॉ. अरविंद सिंह भदौरिया ने परियोजना की शिला पट्टिका का भूमि पूजन किया।
इस अवसर पर सहकारिता मंत्री डॉ. अरविन्द भदौरिया ने कहा कि कनेरा उद्वहन सिंचाई परियोजना क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण थी, भारत सरकार से एनओसी मिलने के बाद मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने इस योजना का भूमि पूजन करते हुए क्षेत्र के किसानों के लिए सिंचाई के माध्यम से बहुत बडी राहत पहुंचाई है और यह अटेर विधानसभा के लिए महत्वपूर्ण सौगात है। इस योजना से सैकडों गांव को शुद्ध पानी उपलब्ध कराया जाएगा। उन्होंने अटेर विधानसभा क्षेत्र की जनता की ओर से मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान का आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि अटेर विधानसभा के फूफ क्षेत्र में 300 करोड की लागत से मेडिकल कॉलेज की भी सौगात मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने दी है, साथ ही अटल चंबल एक्सप्रेस माध्यम से भी अटेर को विकास की दृष्टि से जोडा गया है, इससे चंबल संभाग का भी संपूर्ण विकास होगा।
सांसद संध्या राय ने कहा कि अटेर विधानसभा क्षेत्र की प्रमुख कनेरा सिंचाई योजना का कार्य पूर्ण होने से किसानों की कई हेक्टर जमीन सिंचित होगी। सिंचाई के माध्यम से उनकी फसलों को उपजाऊ बनाया जाएगा और पानी किसान के खेत में पहुंचेगा। उन्होंने कहा कि जो लोग अटेर का विकास का वादा करते रहे उनके पास कोई नीति नहीं थी, अगर की गई होती तो आज विकास के रूप में अटेर क्षेत्र विकसित हो जाता। उन्होंने कहा कि केन्द्र और राज्य सरकार गरीब कल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से हर व्यक्ति का विकास कर रही है। जो अटेर क्षेत्र की प्रमुख समस्या थी कनेरा उदवहन सिंचाई योजना का भूमि पूजन से यह सौगात क्षेत्र के किसानों को समर्पित की जा रही है। इससे शुद्ध पानी किस के खेतों में पहुंचेगा। उन्होंने कहा कि डॉ. अरविंद सिंह भदौरिया के कार्यकाल में जितना विकास क्षेत्र में हुआ है उतना कभी कांग्रेस की सरकारों में नहीं हुआ।
कार्यक्रम में जिला उपाध्यक्ष शिवराज सिंह यादव, विधायक प्रतिनिधि विकास शर्मा, नंदकिशोर सिंह भदौरिया, पूर्व मण्डल अध्यक्ष भानसिंह भदौरिया, शैलेन्द्र सिंह भदौरिया सुरपुरा, मण्डल अध्यक्ष शैलेन्द्र पालीवाल एवं संतोष सिंह तोमर, भागवताचार्य सोमेश शास्त्री एवं तमाम किसान एवं पार्टी कार्यकर्ता मौजूद थे।
158.94 करोड से अधिक के विकास कार्यों का हुआ भूमिपूजन/ लोकार्पण
सहकारिता एवं लोकसेवा प्रबंधन मंत्री डॉ. अरविन्द सिंह भदौरिया द्वारा विकास खण्ड अटेर में 158.94 करोड से अधिक लागत के विकास कार्यों का भूमिपूजन/ लोकार्पण किया। जिसमें 152.65 करोड की लागत की कनेरा उद्बहन सिंचाई एवं पेयजल योजना, प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र उदोतगढ़ का भवन निर्माण लागत 306.80 लाख का भूमिपूजन, 33 केवी विद्युत उपकेन्द्र लागत 175 लाख का लोकार्पण सहित 148.13 लाख के अनेक विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया।