भिण्ड। राष्ट्रीय सफाई कर्मचारी आयोग के अध्यक्ष एम. वेंकटेशन ने सफाई कर्मचारियों की समस्याओं को सुना। उन्होंने अधिकारियों के साथ बैठक कर सफाई कर्मचारियों की समस्याओं का समाधान करने के निर्देश दिए। इस दौरान एडीएम राजकुमार खत्री, डिप्टी कलेक्टर पराग जैन, विधायक प्रतिनिधि सुनील बाल्मीकि सहित अन्य अधिकारी, सफाई कर्मचारी उपस्थित रहे।
कलेक्ट्रेट सभागार में राष्ट्रीय सफाई कर्मचारी आयोग के अध्यक्ष एम. वेंकटेशन ने वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में अध्यक्ष ने सफाई कर्मियों की समस्याओं को सुना। सफाई कर्मियों की प्रमुख मांगों में वेतन का समय से भुगतान, संविदा कर्मियों का स्थायीकरण आदि शामिल थीं। उन्होंने सभी सफाईकर्मियों की समस्याओं को सुना और लिखित में आयोग को भेजने का सुझाव दिया। उन्होंने कहा कि सफाई कर्मचारियों की समस्याओं को प्रशासन गंभीरता से लें। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों के हितों को ध्यान में रखते हुये उन्हें शासन की गाइडलाइन के अनुसार लाभ मिले, उनकी मांगों को सुना जाए, उनका समय पर समाधान भी किया जाए। सफाई कर्मचारियों के हितों में किसी भी प्रकार की कोई कोताई न बरती जाए।