रोड-शो में उमडा जन-सैलाब, हजारों लोगों ने पुष्पवर्षा कर किया आत्मीय स्वागत
अतिथि शिक्षक, आशा, आगनवाडी कार्यकर्ता और नियमित कर्मचारियों ने भी बरसाए फूल
बेटियो और बहनों ने तिलक, राखी बांध आरती भी उतारी
भिण्ड, 11 अगस्त। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया का तहसील लहार के रोड-शो में सडकों के दोनों ओर अपार जन-समूह के साथ लोगों ने अपने घरों की छतों से पुष्प-वर्षा कर अभिनंदन किया।
मप्र के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान एवं केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया जैसे ही हेलीकॉप्टर से नवीन गल्ला मण्डी स्थित हेलीपैड पर उतरे, तो वहां पर लोगों एवं पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने उनका माल्यार्पण कर जोरदार स्वागत किया। उसके बाद शिवराज सिंह चौहान एवं ज्योतिरादित्य सिंधिया रथ में संसार होकर रोड शो करते हुए नगर के मुख्य मार्ग से गुजरे, जहां उनका जगह-जगह द्वार-द्वार पर फूलों की वर्षा कर पहली बार नगर लहार में जोरदार स्वागत किया गया। उन्होंने जनता का हाथ हिलाकर एवं लोगों से हाथ मिलाकर अभिवादन किया। नगर में कदम-कदम पर लोग उनका स्वागत कर रहे थे। स्वागत के लिए जगह-जगह विशाल तोरणद्वार बनाए गए और नगर को बैनर पोस्टर एवं झण्डों से दुल्हन की तरह सजाया गया था। मुख्यमंत्री के काफिले के साथ सैकडों की तादाद में वाहनों की लंबी कतार चल रही थी, उनकी सुरक्षा दृष्टि में समूचा प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद था।
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान का रोड शो नवीन गल्ला मण्डी से प्रारंभ होकर बुधपुरा, पचपेडा तिराहा, स्नेह नगर होते हुए मुख्य बाजार से गुजर कर पुलिस थाना होते हुए बाजार में पहुंचा। जहां पर भाजपा नेता अम्बरीश शर्मा गुड्डू के यहां पर जोरदार स्वागत किया गया। उधर भाजपा नेता योगेन्द्र सिंह पप्पू द्वारा फूल माला पहनकर भव्य स्वागत किया। नगर के मुख्य मार्ग पर स्वागत का सिलसिला फूल वर्षा के साथ चलता रहा।
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया का लहार की जनता ने आत्मीय स्वागत किया, लहार की सडकों पर पहली बार ऐसा जन सैलाब उमडा की जहा भी देखो वहा मुख्यमंत्री चौहान की बहने और भांजी और भानजे ही दिख रहे थे। लहार की सडकों एवं चौराहों पर लाडली बहनें ‘धन्यवाद शिवराज भैया’ के नारे लगाकर लेकर पुष्प-वर्षा कर रही थीं। रोड शो में 20 हजार से अधिक जनता ने भाग लिया। मुख्यमंत्री ने रोड-शो के बीच वाहन को रोककर जनता से आवेदन भी लिए और हाथ भी मिलाया। एक सात साल की लाडली भांजी पूर्वी गुप्ता ने उन्हें पुष्पगुच्छ भेंट किया। उन्होंने रोड-शो के मार्ग में संत शिरोमणि गुरु रविदास, संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अम्बेडकर के छायाचित्र पर माल्यार्पण भी किया।
जनदर्शन यात्रा में लाडली बहन मनोकामना झा, शांतिदेवी, सीता ओझा, महादेवी झा, शारदा झा, लक्ष्मी झा ने अपने लाडले भैया मुख्यमंत्री चौहान को राखी बांधकर आशीर्वाद दिया। मुख्यमंत्री के रोड शो अंतर्गत अतिथि शिक्षकों, स्वसहायता समूह की महिलाओं, सामाजिक संगठनों ने मुख्यमंत्री का आत्मीय स्वागत किया। मुख्यमंत्री चौहान ने रोड शो के दौरान उपस्थित अतिथि शिक्षकों के समूह से अभिवादन स्वीकार कर जल्दी ही भोपाल बुलाकर मिलने की बात कही।
मुख्यमंत्री का काफिला महाराणा प्रताप चौराहे तक पहुंचा, वहां से खुले रथ में सवार होकर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान एवं केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया नगर के भाटनताल स्थित ग्राउण्ड में पहुंचे। जहां पर उन्होंने करोडों की लागत से कई योजनाओं का शुभारंभ भूमिपूजन कर किया। उसके बाद एक विशाल सभा को संबोधित किया। इस कार्यक्रम में 50 हजार से अधिक लोगों की भीड एकत्रित होना बताई गई है। कार्यक्रम पण्डाल में उपस्थित बहनों ने अपने भाई शिवराज सिंह को एक विशाल राखी तैयार कर उन्हें भेंट की और अगली बार भारतीय जनता पार्टी की विजय का आशीर्वाद दिया। कार्यक्रम के दौरान हजारों महिलाएं उपस्थित रहीं।