शहर कांग्रेस ने मरीजों को फल वितरित कर मनाई सुभाष यादव की पुण्यतिथि

भिण्ड, 26 जून। शहर कांग्रेस ने पूर्व उप मुख्यमंत्री किसान नेता स्व. सुभाष यादव की पुण्यतिथि पर अध्यक्ष डॉ. राधेश्याम शर्मा के नेतृत्व में मरीजों को फल वितरित किऐ एवं उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर पुष्पांजलि अर्पित की।
इस अवसर पर शहर अध्यक्ष डॉ. राधेश्याम शर्मा ने कहा कि कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और मप्र के पूर्व उपमुख्यमंत्री सुभाष यादव का राजनीतिक जीवन संघर्षपूर्ण रहा है। यादव ने कृषि विषय के साथ स्नातक की शिक्षा प्राप्त करने के बाद अपने गृह गांव में कृषि व्यवसाय को चुना और उन्नत खेती के कई सफल प्रयोग किए। सहकारी क्षेत्र में अपनी उल्लेखनीय गतिविधियों के कारण भी उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर अनेक पुरस्कार और सम्मान मिले हैं, जिनमें देश के सर्वश्रेष्ठ सहकारिता पुरुष और सहकारिता उल्लेखनीय सम्मान भी शामिल हैं। वह नेशनल फेडरेन आफ स्टेट कॉपरेटिव बैंक मुंबई के दो बार वर्ष 1983 से 1986 तक और वर्ष 1986 से 1989 तक निर्विरोध अध्यक्ष रहे। यादव वर्ष 1980 और 1985 में दो बार खरगोन लोकसभा क्षेत्र से कांग्रेस के सांसद सदस्य बने। वे वर्ष 1993 में खरगोन जिले की कसरावद विधानसभा क्षेत्र से निर्वाचित होकर मप्र मंत्रिमण्डल में उप मुख्यमंत्री बने। उन्होंने उप मुख्यमंत्री के रूप में कृषि, सहकारिता, जल संसाधन और नर्मदा घाटी जैसे महत्वपूर्ण विभागों का दायित्व सम्हाला। यादव वर्ष 1998 में दोबारा कसरावद विधानसभा क्षेत्र में निर्वाचित हुए, तीसरी बार विधायक चुने जाने के बाद सोनिया गांधी ने उन्हें प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी सौंपी।
कांग्रेस नेता संतोष त्रिपाठी ने कहा सुभाष यादव कई वर्षों तक जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक खरगोन के सर्वानुमति से निर्वाचित अध्यक्ष रहे, सहकारी क्षेत्र में अपनी सक्रियता के कारण यादव को तत्कालीन मुख्यमंत्री अर्जुन सिंह ने वर्ष 1980 में मप्र राज्य सहकारी बैंक का अध्यक्ष मनोनीत कर सहकारिता के माध्यम से किसानों की सेवा करने का अवसर प्रदान किया था। सुभाष यादव ने किसानों के हितैषी कार्य किए और सहकारिता के क्षेत्र में अपनी पहचान बनाई। इस अवसर जगदीश शर्मा, प्रमोद दीक्षित पीसी, संजय यादव, गोलू जैन, अतुल जैन, सूरजपाल सिंह राजावत, गयाराम शाक्य, नीलू यादव, शिवचरण विरथरिया, आकाश पाण्डे, रेनू बघेल आदि उपस्थित थे।