पंच कल्याणक जैन समाज का सर्वाधिक महत्वपूर्ण नैमित्तिक महोत्सव : विहसंत सागर

मज्जिनेन्द्र जिनबिंब शांतिनाथ पंच कल्याणक आज से, तैयारियां पूर्ण

भिण्ड, 07 जून। भारत गौरव गणाचार्य विराग सागर महाराज के शिष्य मेडिटेशन गुरू उपाध्याय विहसंत सागर महाराज, मुनि विश्वसाम्य सागर महाराज ससंघ सानिध्य में आठ से 13 जून तक निराला रंग विहार मेला ग्राउण्ड भिण्ड में होने वाले श्री 1008 मज्जिनेन्द्र जिनबिंब शांतिनाथ पंच कल्याणक प्रतिष्ठा महोत्सव की तैयारियां पूर्ण कर ली गई है।
बुधवार को महावीर गंज गुनाबाई जैन मन्दिर के बाहर विहसंत सागर महाराज ने प्रवचनों में कहा कि पंच कल्याणक प्रतिष्ठा महोत्सव जैन समाज का सर्वाधिक महत्वपूर्ण नैमित्तिक महोत्सव है। यह आत्मा से परमात्मा बनने की प्रक्रिया का महोत्सव है। पौराणिक पुरुषों के जीवन का संदेश घर-घर पहुंचाने के लिए इन महोत्सवों में पात्रों का अवलंबन लेकर सक्षम जीवन यात्रा को रेखांकित किया गया है। जिसमें एक पाषाण को भगवान बनने की प्रक्रिया इस पंचकल्याणक में बताई जाएगी। जिसमें भगवान के जन्मा से लेकर मोक्ष तक की प्रक्रिया को एक नाट्य मंच के माध्यिम से जन-जन तक पहुंचाई जाती है। आपके नगर का यह पंच कल्याणक भिण्ड के इतिहास में अपनी अमिट छाप छोड़ेगा। क्योंकि अभी तक आप लोगों ने अनेकों तीर्थंकरों के पंचकल्याणक देखे हैं, लेकिन भगवान शांतिनाथ का यह पंचकल्याणक एवं तीन-तीन गजरथ के साथ ऐसा आयोजन भूतो न भविष्यति होगा। उन्होंने कहा कि आप सभी प्रतिदिन भगवान शांतिनाथ की शांतिधारा नित्य करते है। उन्हीं भगवान के यह पंचकल्याण है। जिसमें हम सभी देश-प्रदेश, जिला, नगर और घर में शांति के लिए शांतिधारा करते हैं।
सौधर्म इन्द्र, कुबेर आदि की हुई गोद भराई एवं हल्दी
मेडिटेशन गुरू उपाध्याय विहसंत सागर महाराज के ससंघ सानिध्य में होने वाले पंचकल्याणक में बने सौधर्म इन्द्र- चक्रेश जैन, कुबेर- मुकेश जैन एवं माता-पिता- शकुंतला देवी-मुन्नालाल जैन की गोद भराई, हल्दी, मेहंदी की रस्म का आयोजन चक्रेश जैन के निवास पर हर्षोल्लास के साथ किया गया। कार्यक्रम में बने पात्रों ने माता-पिता, सौधर्म इन्द्र, कुबेर आदि को हल्दी लगाकर रस्म अदा की गई।
पंच कल्याणक प्रतिष्ठा महोत्सीव के शुभारंभ पर निकलेगी घटयात्रा आज
श्री 1008 मज्जिनेन्द्र जिनबिंब शांतिनाथ पंच कल्याणक प्रतिष्ठा महोत्सव के शुभारंभ पर आठ जून गुरूवार को सुबह 6:30 बजे महावीर चौक से घटयात्रा निकाली जाएगी। जो महावीर चौक से प्रारंभ होकर परेड चौराहा, सदर बाजार, फ्रीगंज, बताशा बाजार होते हुउ इटावा रोड, देव नगर कॉलोनी पार्षद गली, महावीर गंज होते हुए मेला प्रांगण पहुंचेगी। जिसमें माता-बहिनें हाथों में कलश लेकर शांतिनाथ भगवान की जयघोष लगाते हुए बैण्डबाजों के साथ भक्ति करते हुए चलेंगी।