जन भागीदारी कार्यक्रम के तहत रंगोली प्रतियोगिता आयोजित

जन शिक्षण संस्थान भिण्ड द्वारा चलाया जा रहा है जन भागीदारी पखवाड़ा

भिण्ड, 06 जून। कौशल विकास एवं उद्यमिता मंत्रालय भारत सरकार के जन भागीदारी पखवाड़ा (एक से 15 जून) के अंतर्गत जन शिक्षण संस्थान भिण्ड के प्रशिक्षण केन्द्र विनोद नगर में प्रशिक्षिका रामजानकी एवं प्रीती के सरंक्षण में रंगोली प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में क्रीड़ा अधिकारी भारत सिंह जरिहा मौजूद रहे।
भारत सिंह जरिहा ने सभी प्रतिभागियों को उत्तम रंगोली बनाने हेतु उनकी सराहना की। उन्होंने पुरस्कार हेतु चयनित रंगोली के प्रतिभागियों को स्वयं के द्वारा पुरस्कृत करने की घोषणा की एवं जन शिक्षण संस्थान भिण्ड द्वारा आयोजित इस प्रतियोगिता की प्रशंसा करते हुए सभी को शुभकामनाएं दी।
संस्थान के प्रभारी निदेशक संतोष कुमार दुबे ने जन भागीदारी पखवाड़े के तहत 15 दिवस में आयोजित किए जाने वाले सभी गतिविधियों की जानकारी दी एवं अधिक से अधिक जन सहभागिता की अपील की। रंगोली जी20 समिट थीम पर बनाई गई, जिसकी सभी ने जमकर तारीफ की। रंगोली प्रतियोगिता में 28 प्रतिभागियों ने भाग लिया। इस गतिविधि में संस्थान के कार्यक्रम अधिकारी दिनेश शर्मा, सहायक कार्यक्रम अधिकारी अंजली शर्मा, योगेन्द्र सिंह तोमर, फील्ड कॉर्डीनेटर मनोज कुमार, लेखाकार हेमंत शर्मा, लिपिक अजय सिंह कुशवाह, कंप्यूटर ऑपरेटर जितेन्द्र शर्मा, रामवीर, जयप्रकाश उपस्थित रहे।