श्रीराम महायज्ञ में पहुंचे जगतगुरू रामभद्राचार्य महाराज

भिण्ड, 29 मई। दबोह नगर के समीप ग्राम कुरथर में चल रहे श्रीराम महायज्ञ में तुलसी पीठाधीश्वर जगतगुरू रामभद्राचार्य महाराज रविवार की दोपहर में यज्ञ स्थल पर पहुंचे। जैसे ही महाराज का काफिला महायज्ञ में पहुंचा तो श्रीराम के गगनभेदी नारो से पूरा पण्डाल गुंजायमान हो गया। इसके पश्चात महाराज ने सभी लोगों को अपना शुभ आशीष दिया। महायज्ञ में एक घण्टे रुकने के बाद महाराज का काफिला दबोह के जगदीशपुरा में रमा कौरव निवास पर पहुंचा, जहां रमा कौरव के परिवार की माता-बहिनों के साथ जनसमूह ने उनकी गाड़ी पर पुष्प वर्षा की।

इसके बाद महाराज की आरती उतारी गई। साथ ही रमा कौरव के पिता मलखान सिंह कौरव ने महाराज का स्वागत किया। रामभद्राचार्य जी के दर्शन के लिए जन समूह जगदीशपुरा पहुंचा। जहां पर सभी लोगों ने महाराज के दर्शन किए और उनका आशीर्वाद लिया। महाराज की एक झलक पाने के लिए लोग बड़े आतुर दिखे। जैसे ही आस-पास क्षेत्र के लोगों जानकारी मिली कि जगदीशपुरा में रामभद्राचार्य जी आ रहे हैं। वैसे ही लोग सुबह नौ बजे से जगदीशपुरा पहुंच गए और उनका इंतजार करते रहे। करीब आधा घण्टा रुकने के बाद महाराज वापिस दतिया के रवाना हो गए।