डॉ. लोहिया समाजवादी विचारधारा के व्यक्ति थे : जिलाध्यक्ष यादव

समाजवादियों ने मनाई डॉ. राममनोहर लोहिया की जयंती

भिण्ड, 23 मार्च। देश में बढ़ती बेरोजगारी, महंगाई, छात्र-छात्राओं में हताशा की किरणें और आए दिन राजनीतिक परिदृश्य में परिवर्तन इस ओर इशारा करती है कि राम मनोहर लोहिया की समाजवादी विचारधारा आज भी प्रासंगिक है। आज देश के महानायक भगत सिंह, सुखदेव, राजगुरु और डॉ. राम मनोहर लोहिया को एक साथ याद करने का दिन है। यह बात समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष नीरज यादव ने डॉ. लोहिया जयंती कार्यक्रम में उपस्थित कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कही।
जिलाध्यक्ष यादव ने कहा कि 23 मार्च को जहां भगत सिंह, सुखदेव, राजगुरु के शहादत का दिन है तो वहीं महान समाजवादी चिंतक डॉ. राम मनोहर लोहिया की जयंती भी है। डॉ. लोहिया एक ऐसे चिंतक और नेता थे, जिन्होंने अपने जन्मदिन को शहादत दिवस को समर्पित कर दिया। वे कहते थे कि यह जन्मदिन से अधिक अपने महानायकों को याद करने का दिन है, जो बहुत कम उम्र में शहादत देकर समाज को एक बड़ा सपना दे गया। ऐसी शहादतें समाज में एक नई सोच और सपने देखने के नजरिए को प्रतिफलित करती हैं, उस सपने को आगे बढ़ाने का दिन है।
उन्होंने डॉ. राम मनोहर लोहिया के जीवन चरित्र पर प्रकाश डाला और उनके पद चिन्हों पर चलने की शपथ दिलाई। कार्यक्रम में हजूरी सिंह बघेल, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य भूपेन्द्र गुर्जर, वरिष्ठ जिला उपाध्यक्ष अशोक डंडोतिया, जिला महासचिव दीपक यादव डीके, जिला उपाध्यक्ष राधामोहन सिंह सिमराव एवं सूरज बघेल, यूथ ब्रिगेड जिलाध्यक्ष आकाश यादव, युवजन सभा जिलाध्यक्ष जितेन्द्र कुशवाह, जिला सचिव दिनेश यादव, अनिल यादव, विधानसभा उपाध्यक्ष श्रीकृष्ण कुशवाहा, विधानसभा अध्यक्ष मेहगांव जगदीश यादव सुकाण्ड, विकास यादव, अशीष यादव, भरत सिंह मोतीपुरा, राजपाल सिंह, अजंट यादव, पारस यादव फूफ आदि कार्यकर्ता मौजूद रहे।