आलमपुर में भारतीय नववर्ष पर निकाली भव्य शोभायात्रा

लोगों ने शोभायात्रा पर पुष्प वर्षा कर किया स्वागत
जय श्रीराम, भारत माता के जयकारों से गूंजा नगर

भिण्ड, 22 मार्च। आलमपुर नगर में भारतीय नव वर्ष उमंग और उत्साह के साथ धूमधाम से मनाया गया। चैत्र शुक्ल प्रतिपदा विक्रम संवत् 2080 के अवसर पर सरस्वती शिशु मन्दिर आलमपुर द्वारा नगर के प्रमुख मार्गों से भव्य शोभायात्रा निकाली गई। जिसमें नगर के सैकड़ों युवा, गणमान्य नागरिक तथा विद्यालय परिवार के लोग शामिल हुए।

शोभायात्रा के नगर भ्रमण से पहले शा. महाविद्यालय के जनभागीदारी समिति अध्यक्ष कल्याण सिंह कौरव, विद्यालय प्राचार्य रामजीलाल शुक्ला, समिति सदस्य सुरेन्द्र सिंह कौरव, प्रदीप रायकवार इत्यादि ने ट्रैक्टर पर सजाई गई भारत माता, भगवान श्रीराम सीता, दुर्गा मां की आरती की। इसके उपरांत डीजे बैण्ड के साथ शोभायात्रा नगर भ्रमण के लिए निकली। स्थानीय राजवाड़े से डीजे बैण्ड के साथ शुरू हुई भव्य शोभायात्रा विजय मंच, तिवारी मोहल्ला, पुरानी नगर परिषद, खोडऩ मोहल्ला, छोटी माता, महाजन घटिया, पुरोहित मोहल्ला, चौधरी हाल, छेदी मन्दिर, नई मस्जिद, बस स्टेण्ड होते हुए वापस राजवाड़े के अंदर पहुंची। शोभायात्रा के दौरान जहां विद्यालय की बहनें एवं आचार्य बंधु कस्बे के लोगों को तिलक लगाकर नव वर्ष संदेश पत्रक वितरण कर नव संवत्सर की शुभकामनाएं दे रहे थे। तो वहीं युवा हाथों में भगवा ध्वज लिए डीजे बैण्ड के साथ नाचते गाते जय श्रीराम तथा भारत माता के जयकारे लगाते हुए चल रहे थे। आलमपुर नगर में शोभायात्रा निकलने के दौरान नगर के लोगों ने कई जगह पुष्प वर्षा कर शोभायात्रा का स्वागत किया। इस अवसर पर समूचा आलमपुर नगर भगवामय नजर आ रहा था। ज्ञान वर्धन रामलीला समिति के वरिष्ठ संरक्षक पं. रामकुमार शास्त्री, विष्णु कौरव, आचार्य प्रमोद सहारिया इत्यादि द्वारा सजाई गई झांकी शोभायात्रा में आकर्षण का केन्द्र रही।
इधर चैत्र नवरात्रि शुरू होते ही नगर में स्थित माता के मन्दिरों पर दर्शनार्थियों की भीड़ दिखाई देने लगी है। नगर के प्राचीन हरिहरेश्वर बड़ी माता मन्दिर एवं कामाक्षा देवी मन्दिर सहित अन्य देवी मन्दिरों पर तडक़े सुबह से ही जल चढ़ाने वाली महिलाओं एवं दर्शनार्थियों की कतार लगी दिखाई देने लगी है। माता के अनेक उपासक उपवास रखकर माता की भक्ति में लीन हो गए हैं।