शास्त्री ने स्वतंत्रता संग्राम और आजादी के बाद सशक्त भारत के निर्माण में अतुल्य योगदान दिया : पाठक

भिण्ड, 11 जनवरी। भारतीय जनता युवामोर्चा के प्रदेश कार्यसमिति सदस्य अतुल रमेश पाठक ने भारत के पूर्व प्रधानमंत्री भारतरत्न लालबहादुर शास्त्री की पुण्यतिथि पर उन्हें नमन किया।
प्रदेश कार्यसमिति सदस्य पाठक ने शास्त्रीजी के देश के लिए योगदान को याद करते हुए कहा कि उन्होंने आजादी के पहले भारतीय स्वतंत्रता संग्राम और आजादी के बाद सशक्त भारत के निर्माण में अतुल्य योगदान दिया। भारतीय स्वाधीनता संग्राम के महत्वपूर्ण आंदोलनों में उनकी सक्रिय भागीदारी रही और इसके कारण उन्हें कई बार जेल भी जाना पड़ा। उनके जय जवान-जय किसान के नारे ने जवानों के बलिदान के साथ अन्नदाता किसानों की मेहनत को भी सम्मान दिलाया। शास्त्री जी के काम के प्रति दृढ़ इच्छा शक्ति उनके निर्णयों और कार्यों में दिखाई देती है। पाठक ने कहा कि सादा जीवन उच्च विचार को चरितार्थ करने वाले शास्त्रीजी ने अपना पूरा जीवन देश के लिए समर्पित कर दिया, उनके जीवन मूल्य हमेशा सब को प्रेरित करते रहेंगे। उन्हांने बताया कि उनके नेतृत्व में भारत ने 1965 की जंग में पाकिस्तान को करारी शिकस्त दी, ताशकंद में पाकिस्तान के राष्ट्रपति अयूब खान के साथ युद्ध समाप्त करने के समझौते पर हस्ताक्षर करने के बाद 11 जनवरी 1966 की रात में रहस्यमय परिस्थितियों में उनकी मृत्यु हो गई।