‘हमारा संविधान’ थीम पर भाषण, वाद-विवाद एवं चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित

भिण्ड, 02 दिसम्बर। राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जबलपुर के निर्देशानुसार जिला विधिक सेवा प्राधिकरण भिण्ड के तत्वावधान में शहर के शासकीय उत्कृष्ट उमावि क्र.एक भिण्ड के विधिक साक्षरता क्लब द्वारा विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की गई। संविधान दिवस 26 नवंबर से दो दिसंबर तक विद्यालय में संविधान सप्ताह मनाया गया। संविधान दिवस के अवसर पर भारत के संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन किया गया तथा संविधान को पूर्ण आदर और सम्मान के साथ अपनाने और पालन करने की शपथ ली गई। विद्यार्थियों के बीच ‘मूल अधिकार एवं मूल कर्तव्य एक ही सिक्के के दो पहलू हैंÓ विषय पर निबंध प्रतियोगिता करवाई गई। जिसमें कु. अनुष्का बंसल प्रथम, माधुरी शर्मा द्वितीय और रोहित जाटव तृतीय स्थान पर रहे।
हमारा संविधान थीम पर आयोजित भाषण प्रतियोगिता में रोहित जाटव ने प्रथम और शिवा शर्मा द्वितीय स्थान प्राप्त किया। काजल शाक्य और बॉबी वाल्मीकि दोनों तृतीय स्थान पर रहे, वहीं चित्रकला प्रतियोगिता में कु. डोली प्रथम, केशा कुमारी द्वितीय और काजल शाक्य तृतीय स्थान पर आईं और वाद-विवाद प्रतियोगिता में कु. तनुष्का भदौरिया ने प्रथम, सोनू बघेल ने द्वितीय और नीरज यादव ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। सभी विजेता छात्रों को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा पुरस्कृत किया जाएगा। प्रतियोगिताओं के दौरान उच्च माध्यमिक शिक्षक सतेन्द्र सिंह भदौरिया, सत्येन्द्र सिंह कुशवाह, एडवोकेट आशुतोष शर्मा, शिक्षक यतीन्द्र कुमार शर्मा और एनएसएस अधिकारी डॉ. धीरज सिंह गुर्जर निर्णायक दल के सदस्य के रूप में उपस्थित रहे। प्राचार्य पीएस चौहान एवं एकेडमिक प्रभारी आरबी शर्मा के मार्गदर्शन में प्रतियोगिताएं संपन्न हुई।
इस अवसर पर प्राचार्य पीएस चौहान ने कहा कि हमारा संविधान संपूर्ण प्रभुत्व संपन्न लोकतंत्रात्मक गणराज्य की स्थापना के साथ विश्व का सबसे बड़ा लिखित संविधान है, जिसे संविधान सभा के 389 विद्वान एवं विशेषज्ञ सदस्यों द्वारा दो वर्ष 11 माह 18 दिन में तैयार कर 26 नवंबर 1949 को राष्ट्र को समर्पित किया गया तथा 26 जनवरी 1950 से लागू हुआ।