जल संरक्षण, पौधारोपण एवं स्वच्छता अभियान हमारे त्रिदेव हैं : डॉ. निराला

भिण्ड, 11 अगस्त। नेहरू युवा केन्द्र संगठन जिला इकाई भिण्ड द्वारा स्वच्छता पखवाड़े के अंतर्गत हाउसिंग कॉलोनी में पर्यावरण संरक्षण, पौधारोपण, जल संग्रहण स्वच्छता अभियान जैसे अनेक सारगर्भित विषयों को लेकर भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। जिसकी अध्यक्षता वरिष्ठ साहित्यकार किशोरी लाल जैन बादल ने की। अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में बादल ने चंबल के ऊपर बड़ी सारगर्भित कविता प्रस्तुत की- धन्य धरा है चंबल सरिता चंबल रानी है। वीर बांकुरे, वीर सपूतों की ये अमर कहानी है। कार्यक्रम में राष्ट्रपति द्वारा सम्मानित साहित्यकार डॉ. सुनील त्रिपाठी निराला मुख्य अतिथि की हैसियत से उपस्थित थे।
नेहरू युवा केन्द्र संगठन भिण्ड के जिला समन्वयक अधिकारी राकेश सिंह तोमर ने विषय परिवर्तन करने के साथ-साथ संगठन की गतिविधियों पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए कहा कि पर्यावरण और स्वच्छता अभियान हमारे जीवन के अभिन्न अंग हैं, यह परंपरा आदिकाल से चली आ रही है। हमने स्वच्छता पर सदैव ध्यान दिया है। बीच-बीच में जब कभी लोग भूलने लगते हैं तो शासन इस तरह की नवीन घोषणा करके स्वच्छता अभियान को गति प्रदान करने का सार्थक प्रयास करता है। कार्यक्रम का कुशल संचालन युवा कवि एवं नेहरू युवा केन्द्र भिण्ड के ब्लॉक कोऑर्डिनेटर आशुतोष शर्मा नंदू ने किया। संचालन के बीच बीच में आशुतोष शर्मा नंदू ने काव्य पाठ करते हुए बच्चों का उत्साह वर्धन किया। सिंधु शेष का हृदय दुखित हो तभी सुनामी आती है। दैत्यों को संघारण करने शिवा भवानी आती है।
इस कार्यक्रम में प्रतिभागी बच्चों ने बारी-बारी से मंच पर आकर अपने-अपने निबंध का वाचन किया। राष्ट्रपति द्वारा सम्मानित गणितज्ञ राजनारायण राजौरिया, इंग्लिश शिक्षक नितिन दीक्षित तथा नीरू रत्नाकर निर्णायक मंडल के सदस्य थे। प्रतिभागियों द्वारा प्रस्तुति के उपरांत राजनारायण राजौरिया ने प्रथम, द्वितीय तथा तृतीय स्थान पर आने वाले छात्रों की घोषणा की।
मुख्य अतिथि तथा राष्ट्रपति द्वारा सम्मानित साहित्यकार डॉ. सुनील त्रिपाठी निराला ने कहा कि पौधारोपण, जल संग्रहण तथा स्वच्छता अभियान हमारे त्रिदेव हैं। पर्यावरण हमारे जीवन का अभिन्न अंग है। पर्यावरण का अर्थ है वह वृत जो हमको चारों तरफ से घेरे हुए हैं। जिसमें हवा, पानी, जल, वृक्ष इत्यादि घटक शामिल हैं। स्वच्छता इन सब में अत्यंत महत्वपूर्ण है क्योंकि अगर हम स्वच्छता अभियान पर ध्यान देंगे तो स्वच्छ जल, स्वच्छ वायु, स्वच्छ वातावरण, स्वच्छ खानपान तथा स्वच्छ विचारों का घेरा हमारे आसपास सदैव मौजूद रहेगा और हम स्वस्थ तथा चेतनाशील रहेंगे। संगठन के लेखाधिकारी आरके वर्मा ने प्रतियोगिता के नियम समझाए। प्रतिभागियों के आलेख वाचन के क्रम में प्रथम नंबर पर पुष्पा यादव, द्वितीय स्थान पर कु. शैलज्यो परिहार तथा तृतीय स्थान पर कु. नंदिनी शर्मा रहीं। कार्यक्रम में कुल 12 प्रतिभागियों ने अपनी प्रस्तुति दी। बच्चों ने इन विषयों पर बहुत ही सार्थक चिंतन व्यक्त किया। उपस्थित बच्चों ने बड़े उत्साह से कार्यक्रम में भाग लिया। नितिन दीक्षित ने स्वच्छता अभियान की शपथ दिलवाई। आभार प्रदर्शन रामू बुधौलिया ने किया। अंत में राष्ट्रीय गान गाकर कार्यक्रम का समापन हुआ।