जीवंत आनंद है प्रकृति, इसे सहेजें : उपमन्यु

ग्वालियर आनंदक टीम ने मनाया विश्व पर्यावरण दिवस

ग्वालियर, 06 जून। आनंदक टीम एवं आत्म शांति आनंदम क्लब द्वारा छत्रपति शिवाजी उद्यान सिटी सेंटर पर ग्वालियर में विश्व पर्यावरण दिवस मनाया गया।


ग्वालियर के डिस्ट्रिक प्रोग्राम लीडर (आनंद) विजय कुमार उपमन्यु ने उपस्थित आनंदकों को बताया कि विश्व पर्यावरण दिवस का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के प्रति लोगों में जागरूकता लाते हुए प्रेरित करना है। इस वर्ष की थीम ‘हमारी एक मात्र पृथ्वी : प्रकृति के साथ समरसता में रहना’ है, पृथ्वी को सहेज कर रखें । प्रकृति के साथ सुसंगत, समरसता में जीना सीखना न केवल पर्यावरण की आवश्यकता है, वरन् यह मनुष्य को आनंदित रहने के लिए भी एक महत्वपूर्ण सूत्र है। प्रकृति से जितना हम लें उसकी कालांतर में पूर्ति हो सके इस हेतु निरंतर प्रयास से ही हम आनंदित हो सकेंगे। जीवंत आनंद है प्रकृति, इसे सहेजें।
आनंदकों ने विश्व पर्यावरण दिवस पर छत्रपति शिवाजी पार्क में पौधों के आस-पास एवं पौधरोपण हेतु श्रमदान किया, उपलब्ध जल संसाधन से पौधों को सींच कर तृप्त किया। फलदार एवं ज्यादा ऑक्सीजन प्रदान करने वाले पौधों का पौधरोपण किया। आनंदकों को गीले एवं सूखे कचरे से जैविक खाद बनाने के बारे में बताया गया। कचरे के सही निस्तारण की जानकारी दी गई। इसके बाद पर्यावरण स्वच्छता के साथ प्राकृतिक संसाधनों के सीमित उपयोग एवं पेड़ लगाने, पेड़ बचाने का संकल्प डीपीएल विजय कुमार उपमन्यु, आनंदम सहयोगी सुनील चोपड़ा, तृप्ति शर्मा, नीतू तोमर, गजेन्द्र सरकार, आनंदक ब्रजेश शुक्ला, श्रीमती कमला शर्मा कमलेश, प्रमिला चोपड़ा, अभिषेक मुदगल, वृंदावन कुशवाह, रामेश्वर सिंह, सुमेर सिंह, सचिन एवं आत्मशांति आनंदम क्लब के सदस्यों ने संकल्प लिया। ‘वृक्ष काटना पाप है, यह वेदों ने गाया है। प्राणवायु मिलती है इनसे, यह ईश्वर का साया है।।
ज्ञातव्य हो कि मप्र राज्य आनंद संस्थान, आनंद विभाग द्वारा पर्यावरण संरक्षण के प्रति जनचेतना विकसित करने की दृष्टि से प्रदेशभर में पर्यावरण संरक्षण के लिए संगोष्ठी, परिचर्चा, प्रश्नमंच, चित्रकला, संकल्प पत्र, शपथ, पौधारोपण और श्रमदान जैसे कार्यक्रम आयोजित कर लोगों को पर्यावरण के प्रति सजग और संवेदनशील बनाने का कार्य किया जा रहा है।