दंदरौआ धाम में सियपिय मिलन समारोह 9 नवंबर से

-अवधेशानंदगिरि महाराज करेंगे कथा का वाचन, होंगे विभिन्न धार्मिक आयोजन

भिण्ड, 08 नवम्बर। दंदरौआ धाम में महंत पुरुषोत्तमदास महाराज की पुण्य स्मृति में 9 नवंबर से 29वां सियपिय मिलन समारोह आयोजित होने जा रहा है। वार्षिक महोत्सव 15 नवंबर तक चलेगा। विशाल भण्डारा 16 नवंबर को होगा।
धाम के महंत महामण्डलेश्वर रामदास महाराज ने बताया कि गुरु पुरुषोत्तम दास महाराज (महंत बाबा) की पुण्य स्मृति में 29वां वार्षिक महोत्सव धूमधाम से मनाया जा रहा है। जिसमें वाल्मीकि कृत श्रीराम कथा एवं रासलीला का आयोजन किया जा रहा है। इस धार्मिक आयोजन में सुबह 7 से 9 बजे तक यज्ञाचार्य रामस्वरूप शास्त्री पारसेन द्वारा यज्ञ कराया जाएगा। सुबह 10 से एक बजे तक वाल्मीकि कृत श्रीराम कथा का वाचन जूना पीठाधीश्वर आचार्य महामण्डलेश्वर स्वामी अवधेशानंदगिरि महाराज करेंगे। कथा के मुख्य यजमान बृजेश उपाध्याय है। दोपहर 2 बजे से 5 बजे तक रासलीला का आयोजन होगा। आयोजन को लेकर 9 नवंबर रविवार को सुबह 12 बजे से कलश यात्रा निकाली जाएगी। श्रद्धालुओं के लिए रोजाना भण्डारे की व्यवस्था रखी गई है। धाम के प्रवक्ता जलज त्रिपाठी ने बताया कि श्रद्धालुओं के बैठने के लिए कथा स्थल पर करीब 160 फीट चौड़ा और 400 फीट लंबा टेंट लगाया गया है।
कालिदास समारोह काव्यपाठ प्रतियोगिता में अवधबिहारी ने पाया प्रथम स्थान
दंदरौआ धाम आश्रम के महंत महामण्डलेश्वर रामदास महाराज के कृपा पात्र शिष्य अवधबिहारी दास ने अखिल भारतीय कालिदास समारोह उज्जैन में आयोजित काव्य पाठ प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त किया। इस कार्यक्रम में डॉ. अखिलेश कुमार द्विवेदी संस्कृत विद्यालय के प्रोफेसर विशेष रूप से मौजूद रहे।