हर पंथ, समाज को दें समान सम्मान : चतुर्वेदी

– भारतीय मजदूर संघ ने मनाई संस्थापक दंतोपंत ठेगड़े की पुण्यतिथि

भिण्ड, 16 अक्टूबर। भारतीय मजदूर संघ के संस्थापक दंतोपंत ठेगड़े की पुण्यतिथि पर सामाजिक समरसता दिवस कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में प्रांतीय विधि प्रकोष्ठ के संयोजक सुधीर चतुर्वेदी, विशिष्ट अतिथि केन्द्रीय प्रकल्प संयोजक विवेकानंद केन्द्र भंवर सिंह, भामंस की जिला उपाध्यक्ष लक्ष्मी तोमर उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता अभिषेक सिंह परमार ने की। कार्यक्रम का प्रारंभ भगवान विश्वकर्मा, भारत माता एवं दंतोपंत ठेगड़े की प्रतिमाओं पर पूजा अर्चना एवं माल्यार्पण कर किया गया।
मुख्य अतिथि सुधीर चतुर्वेदी ने दंतोपंत के जीवन पर प्रकाश डालते हुए उनके साथ बिताए हुए पलों को स्मरण करते हुए राष्ट्रभक्ति कार्यशैली एवं भारतीय मजदूर संघ की स्थापना करने के पीछे उनके कई उद्देश्यों के बारे में पंच परिवर्तन के अंतर्गत आने वाले समरसता पर्यावरण स्वदेशी जागरण सर्वपंथ समादर आदि सभी प्रकल्पों के बारे में विस्तार से अवगत कराया। जहां समाज की क्या-क्या भूमिका है, समाज का मुख्य अर्थ सम और आज से मिलकर बनने के पीछे समानता का आधार एवं सर्वसमाज को समान सम्मान अधिकार प्राप्त हो, इसी उद्देश्य के साथ भारतीय मजदूर संघ कार्य कर रहा है।
विशिष्ट अतिथि भंवर सिंह ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि दंतोपंत जी के साथी एकनाथ जी ने भी उसी तर्ज पर कार्य करते हुए एकात्मता से पूरे भारत को जोड़ा एकात्मवाद भी समरसता का अभिन्न उदाहरण है। उन्होंने शारीरिक रचना एवं शरीर के अंगों का बहुत खूबसूरती से उदाहरण देते हुए समाज के प्रत्येक व्यक्ति के कर्म के आधार पर कार्यों का विस्तार से वर्णन करते हुए एक-एक व्यक्ति के कार्यों का समाज के प्रति क्या-क्या दायित्व है, उसे कैसे निर्वहन करना है, बखूबी बताया। समाज को एक सूत्र में बांधे रखने के लिए एकात्मता एवं समरसता बहुत जरूरी है।
अंत में आभार राज्य कर्मचारी संघ के जिला अध्यक्ष राघवेन्द्र सिंह कुशवाह ने व्यक्त किया। कार्यक्रम में मप्र राज्य कर्मचारी संघ ग्वालियर के संभागीय सचिव राकेश कुमार श्रीवास्तव, सेवानिवृत्त अधिकारी-कर्मचारी पैंशनर महासंघ के भिण्ड जिला अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह भदौरिया, जिला सचिव वीरेन्द्र कुमार शर्मा, कोषाध्यक्ष रामप्रकाश सिंह यादव, जिला उपाध्यक्ष शिवनंदन सिंह भदौरिया, भामंस के जिलामंत्री प्रवेन्द्र शर्मा, राज्य कर्मचारी महासंघ भिण्ड के जिला सचिव सत्यनारायण सोनी, जिला कोषाध्यक्ष अवधेश शर्मा, सुमन भदौरिया, उपेन्द्र मिश्रा, अंकित बादल, कोषाध्यक्ष देवेन्द्र बुधोलिया, श्रवण पाठक सहित आधा सैकड़ा कार्यकर्ता उपस्थित हुए।