भिण्ड, 11 मई। भारत पाकिस्तान के बीच चल रहे तनाव के मद्देनजर अलर्ट के चलते रविवार शाम को नगर पालिका द्वारा सायरन व्यवस्था की रिहर्सल शहर के किला परिसर में की गई। करीब दो मिनट तक सायरन बजाया गया। आवाज सुनकर लोगों को अलर्ट हुए, उन्हें लगा कि कोई बडा खतरा है। हालांकि कुछ ही देर में सायरन का रिहर्सल का पता लगते ही शहर वासियों ने चैन की सांस ली। सायरन बजाए जाने के दौरान कलेक्टर संजीव श्रीवास्तव व सीएमओ यशवंत वर्मा मौजूद रहे।
आपातकाल के दौरान सायरन बजाकर अलर्ट जारी किए जाने को लेकर भिण्ड किला पर दो सायरन लगाए गए। ये रेड अलर्ट जारी किए जाने पर बजाए जाएंगे। इनकी आवाज सुनकर वासियों को सुरक्षित स्थान पर घरों के अंदर रहने के लिए सचेत किया जाएगा। विगत दिवस कलेक्टर संजीव श्रीवास्तव की अध्यक्षता में भारत पाकिस्तान के बीच चलने वाले तनाव को लेकर शहर में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर बैठक हुई थी। बैठक में कलेक्टर ने निर्देश दिए थे कि नगरीय क्षेत्र में नगर पालिका द्वारा सायरन व्यवस्था की जाएगी। इसके अलावा शहर के एक दर्जन विभाग के अधिकारी व कर्मचारियों की छुट्टी निरस्त की गई है।
नगर पालिका सीएमओ यशवंत वर्मा का कहना है कि भिण्ड किला पर सायरन लगाकर बजाए गए हंै। ये रिहर्सल किया गया है, जिससे शहर वासियों को आपत काल के दौरान अलर्ट किया जा सके। अलर्ट जारी होने के बाद भिण्ड जिले में पुलिस जवान भी अलर्ट है। पुलिस जवानों की छुट्टी निरस्त की जा चुकी है। रात के समय पुलिस बल द्वारा शहर के अलग-अलग क्षेत्रों चेकिंग की जा रही है।