आठ साल पहले हुई हत्या का बदला लेने गोली मारकर की हत्या

भिण्ड, 02 फरवरी। मेहगांव थाना क्षेत्र के जीसक पुरा गांव में देर रात 55 वर्षीय व्यक्ति की गोली मारकर हत्या कर दी गई। यह हत्या आठ साल पहले हुए मर्डर का बदला लेने के लिए की गई।
बताया गया है कि 8 साल पहले 2016 में जीसक पुरा गांव में मनमोहन सिंह नरवरिया की मामूली विवाद में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। हत्या का आरोप रविन्द्र सिंह नरवरिया सहित आधा दर्जन लोगों पर लगा था, जिसमें आरोपी पक्ष न्यायालय से राहत मिलने के बाद अभी हाल ही में छह माह पूर्व वापस आकर गांव में रहने लगा था। जिसके बाद बीती रात 10 बजे रविन्द्र नरवरिया अपने साथियों के साथ हार में जा रहा था। तभी आरोपी अशोक नरवरिया, सुरेश नरवरिया, जितेन्द्र नरवरिया, रामेन्द्र नरवरिया, सूर्यभान नरवरिया, योगेश नरवरिया, उमा नरवरिया एवं चमेली नरवरिया ने एक राय होकर आठ साल पहले हुई मनमोहन सिंह की हत्या का बदला लेने के लिए रविन्द्र सिंह को पहले गोलियां मारी और फिर उसके बाद सिर पर खण्डे पटक कर हत्या कर दी। यह वारदात कर आरोपी मौके से फरार हो गए।
घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवाया और सभी नामजद आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है। आरोपियों को पकडने के लिए मेहगांव, गोरमी, अमायन, बरोही और बरासो थाना सहित अन्य संभावित ठिकानों पर पुलिस तलास में जुटी है।

इनका कहना है:

पुरानी रंजिश पर जीसकपुरा गांव में एक व्यक्ति की हत्या हुई है। हत्या का मामला दर्ज किया है। पुलिस उनकी गिरफ्तारी के प्रयास कर रही है।
शक्ति सिंह यादव, थाना प्रभारी मेहगांव