गणतंत्र दिवस की संध्या पर हुआ भारत पर्व का आयोजन

जिला जनसंपर्क कार्यालय के माध्यम से विकास प्रदर्शनी लगाई

भिण्ड, 27 जनवरी। 26 जनवरी गणतंत्र दिवस की संध्या पर व्यापार मण्डल धर्मशाला भिण्ड में लोकतंत्र का लोक उत्सव भारत पर्व का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ कलेक्टर संजीव श्रीवास्तव द्वारा मां सरस्वती जी की प्रतिमा पर दीप प्रज्वलन एवं माल्यार्पण के साथ किया गया। इस दौरान सीईओ जिला पंचायत सुनील दुबे, एडीएम एलके पाण्डेय, संयुक्त कलेक्टर शिवांगी अग्रवाल, एसडीएम भिण्ड अखिलेश शर्मा, एसडीएम गोहद पराग जैन, एसडीएम अटेर अंकुर गुप्ता, सीएमएचओ डॉ जेएस यादव, जिला शिक्षा अधिकारी आरडी मित्तल सहित अन्य अधिकारी/ कर्मचारी, जनप्रतिनिधिगण एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
भारत पर्व के अवसर पर देश भक्ति पर केंद्रित सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। जिसमें संस्कृति विभाग द्वारा तय कलाकार अंशिका चौहान ग्वालियर एवं उनके साथियों द्वारा देशभक्ति गीत और शुभम अहिरवार दमोह एवं उनके साथियों द्वारा बधाई लोकनृत्य प्रस्तुत किया गया। लोकतंत्र का लोक उत्सव अंतर्गत आयोजित भारत पर्व कार्यक्रम में ‘हमारा संविधान हमारा स्वाभिमान’ कार्यक्रम अंतर्गत भारत के संविधान तथा हमारे संविधान निर्माताओं के विषय में जानकारी के लिये चित्र प्रदर्शनी का प्रदर्शन भी किया गया।
जनसंपर्क विभाग भिण्ड द्वारा लगाई गई प्रदर्शनी
गणतंत्र दिवस-26 जनवरी की संध्या बेला पर भारत पर्व के दौरान जिला जनसंपर्क कार्यालय भिण्ड के माध्यम से विकास प्रदर्शनी का भी आयोजन किया गया। जिला जनसपंर्क कार्यालय द्वारा लगाई गई प्रदर्शनी में सरकार की महत्वाकांक्षी योजनाओं को प्रदर्शित किया गया। प्रदर्शनी का कलेक्टर संजीव श्रीवास्तव, सीईओ जिला पंचायत सुनील दुबे, एडीएम एलके पाण्डेय सहित अन्य अधिकारी एवं आम नागरिकों ने अवलोकन कर शासन की जनहितैषी एवं कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त की।