भिण्ड, 25 सितम्बर। मप्र कांग्रेस महिला उत्पीडन निवारण प्रकोष्ठ की प्रदेश अध्यक्षा प्रियंका किरार के निर्देशानुसार प्रकोष्ठ की जिला अध्यक्ष सीमा शर्मा ने मुरैना जिले की अंबाह तहसील के कीचौली गांव में नौ वर्षीय बालिका के साथ दुष्कर्म को लेकर राज्यपाल के नाम एसपी भिण्ड को ज्ञापन दिया।
ज्ञापन में मांग की गई है कि मुरैना जिले के अंबाह ब्लॉक के ग्राम किचोल में नौ वर्षीय मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म की घटना घटित हुई है, जिले में लगातार मासूम बेटियों के साथ अन्याय अत्याचार की घटनाएं चरम पर हैं और आरोपियों के खिलाफ कडी कार्रवाई नहीं होने के कारण घटनाओं में लगातार बढोतरी हो रही है। उक्त आरोपियों के खिलाफ कडी से कडी कार्रवाई कर उनकी शीघ्र गिरफ्तारी की जाए। नहीं तो महिला उत्पीडन निवारण प्रकोष्ठ उग्र आंदोलन करने को मजबूर होगी। लगातार प्रशासन की नाकामी और लापरवाही के कारण अपराधियों की हिम्मत दिन-दिन बढती जा रही है और मासूम बेटियों की आजादी पर कुठाराघात किया जा रहा है। इसलिए बच्ची को समुचित इलाज के साथ ही पांच लाख रुपए की आर्थिक मदद और आरोपियों के खिलाफ कडी कार्रवाई की जाने की मांग करते हैं। ज्ञापन देने वालों में शहर कांग्रेस भिण्ड के जिलाध्यक्ष डॉ. राधेश्याम शर्मा, नगर कांग्रेस अध्यक्ष संतोष त्रिपाठी, महिला कांग्रेस की जिलाध्यक्ष रेखा भदौरिया, राहुल कुशवाह, महिला सेवादल कांग्रेस की पूर्व जिलाध्यक्ष रीना चौहान, पूर्व पार्षद सुनीता दोहरे, प्रमोद दीक्षित पीसी, कल्पना सक्सेना, सुनीता ओझा, निशा, सुशीला, जानकी, नीरज जैन मौजूद थे।