पुलिस और वन विभाग की मदद से बची घायल मोर की जान

भिण्ड, 06 अगस्त। मौ क्षेत्र के ग्राम घमूरी में कल्लू गौड के मकान के पास घायल अवस्था में मिली राष्ट्रीय पक्षी मोर की जान पुलिस और वन विभाग टीम की मदद से बच गई है। इलाज के बाद मौ वन चौकी पर वन कर्मी उसकी देखभाल कर रहे हैं। ग्राम घमूरी से ग्रामीणों द्वारा राष्ट्रीय पक्षी मोर के घायल अवस्था में पडे होने की सूचना मौ पुलिस को सोशल मीडिया ग्रुप पर दी गई। पुलिस ने तत्परता से उक्त घटना की सूचना मौ वन चौकी पर दी। पुलिस और वन चौकी प्रभारी मनभावन सिंह, प्रहलाद सिंह अपना अमला लेकर ग्राम घमूरी घटना स्थल पर पहुंचे और घायल राष्ट्रीय पक्षी मोर को मौ लाकर उपचार कराया। फिलहाल उक्त मोर बन चौकी के अमले की निगरानी में खतरे से बाहर बताई गई है।