राज्यमंत्री भदौरिया ने कमलनाथ की निकलने वाली धर्म यात्रा पर किया पलटवार
भिण्ड, 13 अप्रैल। भाजपा के वरिष्ठ नेता प्रदेश सरकार में नगरीय प्रशासन आवास राज्यमंत्री ओपीएस भदौरिया ने कांग्रेसी नेता कमलनाथ द्वारा मिशन 2023 के लिए निकाली जा रही धर्म यात्रा पर पलटवार करते हुए कहा कि यह उनका राजनीतिक वोट करने का षड्यंत्र है। कांग्रेस हिन्दुत्व कार्ड का नाटक कर धर्म यात्रा निकालकर जनता को झूठा भ्रमित करेगी, क्योंकि कांग्रेस की संस्कृति में हमेशा झूठ बोलने की आदत रही है, कभी हिन्दुत्व की बात नहीं की। कांग्रेस और कमलनाथ हमेशा हिन्दू विरोधी बयान देते रहे हैं। चाहे वह राहुल गांधी हों, चाहे दिग्विजय सिंह हो। यह धर्म यात्राएं निकालने से पहले उन्हें अपने गिरेबान में झांक कर देखना चाहिए कि वह कितना हिन्दुत्व से प्रेम रखते हैं।
राज्यमंत्री भदौरिया ने कहा कि कमलनाथ धर्म यात्रा निकालने की योजना से पहले उन्हें समझ लेना चाहिए कि आप के नेता राहुल गांधी भारत को बदनाम करने का षड्यंत्र विदेशों में जाकर करते हैं और कहते हैं कि भारत में कोई लोकतंत्र नहीं है। 135 करोड़ जनता को उन्होंने अपमानित करने का काम किया है, इस धर्म यात्राएं से पहले उन्हें समझा दें कि भारत देश हिन्दू बाहुल्य देश है। उन्होंने कभी 75 वर्षों में हिन्दुत्व की बात नहीं कही, अब वह इस तरह का कृत्य कर समाज को भ्रमित करने का काम करेंगे, यह धर्म यात्राएं नाटक और नौटंकी साबित होगी। इससे पहले यह देख लेना चाहिए यह वह देश है जहां श्रीमद् भागवत कथा और राम कथाओं के माध्यम से हम अपने अध्यात्म को विकसित करते हैं। भारत को मजबूत करने के लिए भारतीय जनता पार्टी ने सदैव स्वामी विवेकानंद के विचारों को आगे बढ़ाने का काम किया है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी को यह बताएं कि वीर सावरकर जैसे महान क्रांतिकारियों की वीर गाथा को जाने बिना उन्होंने उनके ऊपर जो कीचड़ उछालने का काम क्यों किया है, यह देश और प्रदेश की जनता सब जानती है।
राज्यमंत्री भदौरिया ने कहा कि कांग्रेस के नेता ने कुछ दिन पूर्व अयोध्या में भगवान श्रीराम के जन्म का प्रमाण मांगा था। तो इससे पहले उन्हें बता दें कि अयोध्या में भगवान राम के जन्म का प्रमाण बाबा गोस्वामी तुलसीदास जी ने अपनी रामचरितमानस के माध्यम से व्याख्या करते हुए उल्लेख किया है। कांग्रेस के नेता कमलनाथ धर्म यात्रा निकालकर समाज को भ्रमित कर राजनीतिक षड्यंत्र रचाने का कार्य कर रहे।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने अभी हाल ही में धर्म संसद का आयोजन किया था, जिसमें उन्हें कोई सफलता प्राप्त नहीं हुई। मन्दिरों में कभी गए नहीं, मात्र राजनीतिक वोट के लिए हनुमान चालीसा का पाठ, सुंदरकांड का पाठ कर हिन्दुत्व का झूठा कार्ड पीट रहे है। उन्होंने कमलनाथ को कहा कि जब आपकी सरकार चल रही थी, महिला सांसद द्वारा सुंदरकांड का पाठ किया गया था। तब महिला सांसद को जेल में बंद कर उसको प्रताडि़त करने का काम किया था, फिर यह कैसे आपकी धर्म यात्रा निकालने की हिम्मत पड़ रही है। जो सुंदरकांड का पाठ करने वाली महिलाओं को जेल के सीकचो में डाल दिया जाता है, और जब चुनाव सिर पर होता है तब आपको धार्मिक यात्रा की याद आती है। यह दोहरा चरित्र जनता के सामने नहीं चलेगा, क्योंकि जनता सब कुछ जान चुकी है।