भारत को दुनिया की चकाचौंध से प्रभावित नहीं होना है : मनमोहन वैद्य

शिवपुरी में प्रांतीय संयोजक मण्डल सम्मेलन का हुआ शुभारंभ

शिवपुरी, 30 दिसम्बर। प्रांतीय संयोजक मण्डल सम्मेलन का शुभारंभ सरस्वती विद्यापीठ आवासीय विद्यालय शिवपुरी में राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के सह सरकार्यवाह मनमोहन जी वैद्य, विद्याभारती के अखिल भारतीय उपाध्यक्ष डॉ. रविन्द्र कान्हेरे, विद्याभारती अखिल भारतीय सह संगठन मंत्री श्रीराम अरावकर, क्षेत्रीय संगठन मंत्री भालचंद्र रावले, विद्याभारती मध्य भारत प्रांत के संगठन मंत्री निखिलेश महेश्वरी, ग्राम भारती के प्रांत अध्यक्ष सुजीत शर्मा की उपस्थिति में हुआ। इस सम्मेलन में मध्यभारत प्रांत से 2500 संयोजक मण्डल के उपस्थित सदस्य विभिन्न विषयों पर तीन दिवस तक विचार मंथन करेंगे।
कार्यक्रम के उद्घाटन सत्र में सह सरकार्यवाह मनमोहन वैद्यजी ने कहा भारत को भारत रहना चाहिए, भारत को दुनिया की चकाचौंध से प्रभावित नहीं होना है, भारत की जीवन दृष्टि समग्र एवं एकात्मक भारत की है, इसका कारण आध्यात्म है। भारत की आत्मा गांवों में है, भारत को अगर भारत की तरह देखना है तो गांव को प्रतिष्ठित एवं समृद्ध करना होगा। हमारे यहां सोने-चांदी एवं तांबा की वस्तुएं घर-घर में बनती थीं, प्रत्येक घर में उद्योग था। भारत का सोना मन्दिरों में रखा जाता था, हमारे मन्दिर शांति एवं समृद्धि के प्रतीक थे, भारतीय संस्कृति सर्वे भवंतु सुखिन: सर्वे संतु निरामया की है, हम पूरी दुनिया को सुखी देखना चाहते हैं वसुधैव कुटुंबकम भी भारत संस्कृति का परिचायक है।

कार्यक्रम की प्रस्तावना ग्रामीण शिक्षा के प्रांत प्रमुख ओमप्रकाश जांगलवा ने रखी। उन्होंने संयोजक मण्डल सम्मेलन के उद्देश्य के बारे में बताया। इस अवसर पर ग्राम दर्पण पत्रिका का भी अतिथियों ने विमोचन किया। साथ ही ग्राम विकास के नौ आयाम को लेकर एक चित्र प्रदर्शनी भी लगाई गई, जिसका उद्घाटन विद्या भारती अखिल भारतीय संगठन मंत्री श्रीराम अरावकर, क्षेत्रीय संगठन मंत्री आनंद राव एवं बालिका शिक्षा के अखिल भारतीय संयोजक सुश्री रेखा चूड़ासमा एवं अन्य पदाधिकारियों ने किया।
उद्घाटन सत्र में प्रांत के सचिवद्वय शिरोमणि दुबे, वीरेन्द्र सेंगर, सह संगठन मंत्री अनिल अग्रवाल, विद्या भारती के सचिव क्षेत्रीय सचिव विवेक शेंडये, ग्रामीण शिक्षा के अखिल भारतीय संयोजक शशिकांत फड़के के अलावा नगर के गणमान्य नागरिक, पत्रकार बंधु, विद्या भारती के प्रांतीय एवं क्षेत्रीय पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे। कार्यक्रम का सफल संचालन नारायण सिंह चौहान ने किया।