एक करोड़ 59 हजार की लागत से बनेगी वार्ड 21 की रोड
भिण्ड, 03 अक्टूबर। सदर विधायक संजीव सिंह कुशवाह ने सोमवार को शहर के वार्ड क्र.21 में लगभग एक करोड़ 59 हजार 824 रुपए की लागत से बनने जा रही सीसी रोड एवं नाला निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया।
इस अवसर पर विधायक संजीव सिंह संजू ने जनसभा को संबोधित करते हुए स्वच्छता सर्वेक्षण 2022 में भिण्ड नगर पालिका को देश में 46वीं और प्रदेश में 16वीं रैंक प्रदान होने पर शहर वासियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि भिण्ड को इस पायदान पर लाना सिर्फ एक व्यक्ति, एक टीम का काम नहीं है। भिण्ड शहर को स्वच्छता की श्रेणी में उत्कृष्ट स्थान दिलाने में आप सभी का सहयोग रहा। विधायक ने नगर पालिका इंजीनियर एवं ठेकेदार को निर्माण कार्यों में समय सीमा एवं गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। भिण्ड में प्रत्येक क्षेत्र में विकास कार्य कराए जा रहे हैं। शहर के प्रत्येक वार्ड में सभी सड़कों का निर्माण कराया जाएगा।
भूमिपूजन कार्यक्रम में पूर्व सदस्य सफाई कामगार आयोग एवं विधायक प्रतिनिधि नगर पालिका भिण्ड सुनील बाल्मीक, पार्षद रामाधार सिंह तोमर (धल्लू), बड़े कुशवाह, स्थानीय पार्षद मनोज राजावत (जीवन), नगर पालिका सीएमओ वीरेन्द्र तिवारी, सुरेश व्यास, हरगोविन्द सिंह, केशव सिंह, सुरेश शुक्ला, सूबेदार प्रजापति, निपेन्द्र चौहान, छोटेलाल पाराशर, संजू शर्मा, हरेन्द्र शर्मा, कमलेश दुबे, नगर पालिका इंजीनियर, अन्य प्रशासनिक अमला एवं बड़ी संख्या में वार्ड के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
भ्रमण के दौरान जनता की समस्याओं से हुए रूबरू
भूमिपूजन कार्यक्रम के बाद विधायक संजीव सिंह ने वार्ड क्र.21 का भ्रमण किया। भ्रमण के दौरान वार्डवासियों से रूबरू होकर उनकी समस्याओं को सुना और मौके पर पहुंचकर उपस्थित अधिकारियों को व्याप्त समस्याओं का निराकरण करने के निर्देश दिए। इसी क्रम में वार्ड पार्षद मनोज राजावत उर्फ जीवन एवं वार्ड के नागरिकों ने सड़क के बीच में विद्युत पोल होने की समस्या से अवगत कराया। जिसे उन्होंने संबंधित अधिकारी को विद्युत पोल शिफ्ट कराने के निर्देश दिए।