अटेर क्षेत्र की ग्राम पंचायत रिदौली, परा, कदौरा एवं खरिका हुए कार्यक्रम
भिण्ड, 19 जनवरी। सहकारिता एवं लोकसेवा प्रबंधन विभाग मंत्री डॉ. अरविन्द सिंह भदौरिया बुधवार को अटेर क्षेत्र के भ्रमण पर रहे। जहां उनके द्वारा ग्राम पंचायत रिदौली, परा, कदौरा एवं खरिका में तीन करोड़ 74 लाख से अधिक लागत के कई निर्माण कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया गया। इस दौरान जिला पंचायत सीईओ जेके जैन, एसडीएम अटेर उदय सिंह सिकरवार सहित अन्य अधिकारी, जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।
सहकारिता एवं लोकसेवा प्रबंधन विभाग मंत्री ने ग्राम पंचायत रिदौली में 36 लाख 85 हजार की लागत के दो निर्माण कार्यों का भूमिपूजन एवं लोकार्पण किया। जिसमें 24 लाख की लागत से निर्मित होने वाली एक सुदूर संपर्क सड़क का भूमिपूजन एवं 12 लाख 85 हजार की लागत से निर्मित पंचायत भवन का लोकार्पण किया। उन्होंने परा में दो करोड़ 93 लाख 92 हजार की लागत के पांच निर्माण कार्यों का लोकार्पण किया। जिसमें दो करोड़ 73 लाख की लागत की परा-बौरेश्वर मार्ग लोकार्पण के साथ 20 लाख से अधिक के चार अन्य निर्माण जिसमें बाउण्ड्रीवॉल निर्माण, नाला निर्माण, सामुदायिक स्वच्छता परिसर निर्माण एवं सीसी रोड निर्माण कार्यों का लोकार्पण भी किया। उन्होंने ग्राम पंचायत कदौरा में 23 लाख 23 हजार की लागत के तीन निर्माण कार्यों का लोकार्पण किया। जिसमें 12 लाख की लागत से निर्मित सुदूर संपर्क सड़क, सात लाख 80 हजार की लागत से निर्मित आंगनवाड़ी भवन एवं तीन लाख 43 हजार की लागत से निर्मित सामुदायिक स्वच्छता परिसर का लोकार्पण किया गया। इसी के साथ उनके द्वारा ग्राम पंचायत निवारी (खरिका) में 20 लाख 49 हजार की लागत के तीन निर्माण कार्यों लोकार्पण भी किया गया। जिसमें आठ लाख की लागत से चबूतरा निर्माण, आठ लाख की लागत से नाली निर्माण एवं चार लाख 49 हजार की लागत निर्मित बाउण्ड्रीवॉल का लोकार्पण शामिल रहा।
सहकारिता एवं लोकसेवा प्रबंधन मंत्री डॉ. अरविन्द सिंह भदौरिया ने लोकार्पण/ भूमिपूजन के अवसर पर कहा कि प्रदेश सरकार ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों के विकास के लिए समान रूप कार्य कर रही है। सभी इलाकों का सर्वांगीण विकास हो, लोगों को आधारभूत सुविधाओं की उपलब्धता हो, शुद्ध पेयजल, स्वच्छ परिवेश, आवागमन के लिए अच्छी सड़के आदि सरकार की प्राथमिकता है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा चंबल एक्सप्रेस-वे को अटल प्रगति पथ का जो नया नाम दिया गया है, उसके लिए मैं उन्हें धन्यवाद देता हूं। उन्होंने बताया कि अटल प्रगति पथ मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, राजस्थान एक्सप्रेस-वे से मिलेगा। राज्य शासन इसके आस-पास इंडस्ट्रियल क्लस्टर विकसित करेगा जिससे रोजगार के नए अवसर बनेंगे।
शोकाकुल परिवारों के बीच पहुंचे मंत्री
सहकारिता एवं लोकसेवा प्रबंधन मंत्री डॉ. अरविन्द सिंह भदौरिया अपने निर्धारित कार्यक्रम के तहत भाजपा किसान मोर्चा के जिलाध्यक्ष अजय सिंह भदौरिया के निवास शहर के गल्र्स स्कूल वाली गली भिण्ड पहुंचकर उनके पिता उदयवीर सिंह भदौरिया, जौरी ब्राह्मण गांव के सरपंच अखिलेश पुरोहित के पिताजी शालिग्राम पुरोहित निवास लोधी नगर भिण्ड, भाजपा जिला उपाध्यक्ष शिवराज यादव के निवास स्थान ग्राम गढ़पुरा पहुंचकर उनके पिताजी के निधन पर शोक व्यक्त कर भावभीनी श्रृद्धांजलि अर्पित कर ईश्वर से आत्मा शांति की प्रार्थना की और शोकाकुल परिवार को सांत्वना प्रदान की।
सहकारिता मंत्री का आज का दौरा
सहकारिता एवं लोकसेवा प्रबंधन मंत्री डॉ. अरविंद सिंह भदौरिया 20 जनवरी को सुबह 11 बजे दीनपुरा के ग्राम मिरचौली से कनकुरा मार्ग का भूमिपूजन, दोपहर 12 बजे रानी विरगंवा में विकास कार्यों का लोकार्पण, 1:30 बजे फूफ, 2:30 बजे समन्ना, 3:30 बजे बरही, 4:30 बजे रानीपुरा, 21 जनवरी को सुबह 11 बजे मटघाना, दोपहर 12:30 सकराया, दो बजे गजना, तीन बजे दुल्हागन, शाम चार बजे मधैयापुरा पहुंचकर शा. उमावि के नवीन भवन एवं सड़क मार्ग तथा अन्य विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमि पूजन कार्यक्रम में शिरकत करेंगे।