मेडिटेशन गुरु मुनिराज विहसंत सागर महाराज ने दी जानकारी
भिण्ड, 05 जनवरी। शहर के मेला ग्राउण्ड परिसर में पंचकल्याणक प्रतिष्ठा एवं गजरथ महोत्सव तथा विश्व शांति यज्ञ का आयोजन 50 पिच्छि सहित मुनिराज विराग सागर महाराज के सानिध्य में 13 से 17 जनवरी तक किया जाएगा। यह जानकारी शहर के बतासा बाजार स्थित चैत्यालय जैन मंदिर में बुधवार को आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान मेडिटेशन गुरु मुनिराज विहसंत सागर महाराज ने दी।
उन्होंने बताया कि इस अवसर पर 14 जनवरी को जन्म कल्याणक महोत्सव में तीर्थंकर बालक का जन्म, अयोध्या नगरी में बधाइयां, नृत्य आदि कार्यक्रम होंगे। 15 जनवरी को तप कल्याणक के दौरान जिनाभिषेक, नित्यार्चन, शांति हवन एवं प्रवचन सभा का आयोजन होगा। 16 जनवरी को ज्ञान कल्याणक में विभिन्न आयोजन होने के बाद 17 जनवरी को मोक्ष कल्याणक एवं गजरथ महोत्सव का भव्य आयोजन होगा, जिसमें दो हाथी रथ को खीचेंगेें उस रथ में भगवान को सवार कर पांडाल की सात परिक्रमा लगाएंगे, कार्यक्रम में बने पात्र उस गजरथ में बैठकर परिक्रमा लगाएंगे। इसी दिन हैलीकॉप्टर द्वारा शहर में पुष्प वर्षा की जाएगी। 13 से 17 जनवरी तक आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम के दौरान भिण्ड शहर की पूर्ण सजावट की जाएगी।
अन्य जानकारी देते हुए कार्यक्रम के मीडिया प्रभारी मनोज जैन ने बताया कि पंचकल्याणक प्रतिष्ठा एवं गजरथ महोत्सव की तैयारियां श्री मज्जिनेन्द्र पंचकल्याणक प्रतिष्ठा महोत्सव आयोजन समिति द्वारा सकल जैन समाज के सहयोग से की जा रही हैं। उन्होंने बताया कि वर्तमान में साक्षात् तीर्थंकर भगवान का समोशरण हमारे पास नहीं है लेकिन इतना जरूर हमारे पास है कि हम आज भी जिनालय में समोशरण की जिनबिम्ब में तीर्थंकर देव की स्थापना करके अपने कर्मों का प्रक्षालन कर सकते हैं। अरहंत शासन में जिनबिम्ब सम्यक दर्शन में निमित्त कारण माना गया है सो उन पवित्र जिनबिम्बों का शमन करके सम्यकत्व को उपलब्ध हो सके ऐसे प्रांजल भावों की भिण्ड नगर में पंचकल्याणक प्रतिष्ठा महामहोत्सव एवं गजरथ महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है।