सहकारिता मंत्री डॉ. भदौरिया ने बज्जरवाड़ा केन्द्र का किया शुभारंभ
भोपाल, 01 दिसम्बर। सहकारिता एवं लोकसेवा प्रबंधन मंत्री डॉ. अरविन्द सिंह भदौरिया ने कहा कि धान खरीदी केन्द्र का संचालन स्वसहायता समूह की सदस्य महिलाएं करेंगी। उन्होंने बुधवार को होशंगाबाद जिले के बज्जरवाड़ा गांव में धान खरीदी केन्द्र का तौल-कांटे का पूजन कर शुभारंभ करते हुए यह बात कही।
सहकारिता मंत्री डॉ. भदौरिया ने कहा कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की मंशा अनुसार महिला स्व-सहायता समूहों को बढ़ावा देने के लिए खरीदी केन्द्रों का दायित्व सौंपा जा रहा है। उन्होंने कहा कि हमारी माताएं-बहनें खरीदी केन्द्रों पर उपार्जन गतिविधियों को संचालित करेंगी। बाबई नगर के पास ग्राम बज्जरवाड़ा में जय दुर्गे महिला स्व-सहायता समूह द्वारा संचालित किया जाएगा। धान खरीदी केन्द्र शुभारंभ कार्यक्रम में सोहागपुर विधायक विजयपाल सिंह, स्वसहायता समूह की अध्यक्ष श्रीमती ममता साहू, सचिव श्रीमती राजकुमारी, और अन्य स्थानीय जन-प्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।