भिण्ड, 27 नवम्बर। जिले के समस्त विद्यालयों में शैक्षणिक गतिविधियों के साथ-साथ सह शैक्षिक गतिविधियों का भी समावेश हो इसके लिए एकीकृत शा. हाईस्कूल रछेड़ी में एपीसी एकेडमिक संदीप सिंह कुशवाह तथा एपीसी मोबिलाइजेशन शैलेश त्रिपाठी द्वारा सह शैक्षिक गतिविधियों का शुभारंभ किया गया। यह आयोजन कलेक्टर डॉ. सतीश कुमार एस के निर्देशन तथा संयुक्त कलेक्टर एवं जिला परियोजना समन्वयक जिला शिक्षा केन्द्र वरुण अवस्थी के मार्गदर्शन में किया जा रहा है।
एपीसी एकेडमिक संदीप सिंह कुशवाह ने बताया कि सभी स्कूलों में अब सतत रूप से सह शैक्षिक गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। इन गतिविधियों के माध्यम से शारीरिक एवं मानसिक समन्वय में वृद्धि तो होती ही है तथा बच्चों में तर्क शक्ति का विकास भी होता है। खेलों के माध्यम से टीम भावना का विकास होता है तथा निर्णय लेने की क्षमता में भी वृद्धि तथा शारीरिक एवं बौद्धिक विकास होता है। उन्होंने बताया कि अब कोरोना काल समाप्त हो चुका है। विद्यालय अपनी पूरी क्षमता के साथ खुल गए हैं, ऐसे में आवश्यक है कि प्रत्येक विद्यालय में शैक्षाणिक गतिविधियों के साथ-साथ सह शैक्षिक गतिविधियों तथा व्यक्तिगत सामाजिक गुणों को विकास करने के लिए आवश्यक गतिविधियों का संचालन किया जाए। एपीसी शैलेश त्रिपाठी ने बताया कि सहशैक्षिक गतिविधियों में योग की भी जानकारी दी जानी चाहिए, योग एवं व्यायाम से शारीरिक एवं मानसिक विकास होता है।
एपीसी द्वारा विभिन्न सह शैक्षिक गतिविधियों का प्रारंभ इस विद्यालय में खेल खिला कर किया गया तथा यह अपेक्षा की गई कि शासकीय हाईस्कूल रछेड़ी की तरह जिले के समस्त विद्यालयों में भी ऐसी गतिविधियों का आयोजन किया जाए। उन्होंने बताया कि इन गतिविधियों के समन्वय के लिए ब्लॉक वाइज जिम्मेदारी निर्धारित की जाएगी, इसके लिए डीआरजी समूह के वरुण सिंह भदौरिया, जितेन्द्र सिंह, परमाल सिंह कुशवाह, श्रीमती मीना ओझा, अमरनाथ सेठ, राकेश राजपूत को लघु प्रशिक्षण प्रदान किया गया है तथा उनसे यह अपेक्षा की गई है कि वे अपने ब्लॉक के समस्त विद्यालयों में सह शैक्षिक गतिविधियों के आयोजन हेतु समन्वय स्थापित करें। इस अवसर पर रछेड़ी विद्यालय के स्टाफ में श्रीमती मीनाक्षी यादव, संतोष यादव, रामसजीवन भारद्वाज, शकील खान, राजीव कुशवाह, अनुराग के अलावा समस्त विद्यार्थी उपस्थित रहे।