– 2 करोड़ 32 लाख से अधिक की लागत से हेरिटेज पोल, पेवर फुटपाथ और रेलिंग का होगा निर्माण
भिण्ड, 29 सितम्बर। शहर की ऐतिहासिक धरोहर गौरी सरोवर को और अधिक आकर्षक और सुरक्षित बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए सोमवार को कायाकल्प 2.0 अभियान के अंतर्गत 2 करोड़ 32 लाख 80 हजार 626 रुपए की लागत से सौंदर्यीकरण कार्य का शुभारंभ हुआ। विधायक नरेंद्र सिंह कुशवाह ने विधिवत भूमि पूजन कर इस महत्त्वाकांक्षी परियोजना की नींव रखी। इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष, जनप्रतिनिधि, वार्ड पार्षद, वरिष्ठ नागरिक और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन नगर पालिका भिण्ड की टीम ने किया।
इस परियोजना के अंतर्गत गौरी सरोवर रोड के दोनों किनारों पर हेरिटेज स्टाइल विद्युत पोल, पेवर ब्लॉक से सुसज्जित आधुनिक फुटपाथ, और सुरक्षा के लिए मजबूत रेलिंग का निर्माण किया जाएगा। इन कार्यों के पूर्ण होने से न केवल सरोवर का ऐतिहासिक स्वरूप निखरेगा बल्कि पर्यटकों और स्थानीय नागरिकों को सुरक्षित व सुंदर सैरगाह भी उपलब्ध होगी।
विधायक नरेंद्र सिंह कुशवाह ने अपने उदबोधन में कहा कि गौरी सरोवर हमारे शहर की पहचान है। कायाकल्प 2.0 अभियान का उद्देश्य इसे पर्यटक आकर्षण के रूप में विकसित करना और भावी पीढ़ियों के लिए संरक्षित करना है। इस कार्य से भिण्ड का गौरव और बढ़ेगा। उन्होंने नगर पालिका और निर्माण एजेंसी को कार्य की गुणवत्ता व समयसीमा पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।
स्थानीय निवासियों और दुकानदारों ने परियोजना की सराहना करते हुए कहा कि यह कार्य न केवल क्षेत्र के सौंदर्य को बढ़ाएगा, बल्कि रोजगार और पर्यटन को भी प्रोत्साहन देगा। कार्यक्रम में नगर पालिका अधिकारी, पार्षदगण, सामाजिक कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे। विधायक ने अंत में सभी से आह्वान किया कि हम सब मिलकर इस धरोहर को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने में सहयोग करें।