– उज्जैन में मिट्टी गणेश प्रतिमा वितरण कार्यक्रम में हुए शामिल मुख्यमंत्री
भोपाल, 27 अगस्त। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि बाबा महाकाल की कृपा से इस बार उज्जैन में सिंहस्थ-2028 पिछले सभी रिर्काड तोडेगा। उज्जैन में तीर्थाटन को बढावा दिया जाएगा और उज्जैन के विकास में किसी प्रकार कि कमी नहीं आने दी जाएगी। वे बुधवार को उज्जैन में लोकमान्य तिलक गणेश उत्सव महाआयोजन समिति द्वारा आयोजित मिट्टी की गणेश प्रतिमा वितरण कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने प्रदेशवासियों को गणेश चतुर्थी की हार्दिक मंगलकामना दी।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कार्यक्रम के प्रारंभ में भगवान श्रीगणेश का पूजन-अर्चन किया। उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति में श्रीगणेश को प्रथम पूज्य देवता माना गया है। रिद्ध सिद्धि दाता शुभ कार्य को सफल बनाते हैं, इसलिए हर मंगल कार्य के आरंभ में श्रीगणेश की वंदना अनिवार्य समझी गई है। हमारी प्रकृति का यही संदेश है कि घर-घर में मिट्टी के श्रीगणेश हो। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में स्वदेशी के वातावरण के साथ मिट्टी के गणेश के वितरण का उत्सव मनाया जा रहा है। यह हमारे लिए आनंद का उत्सव है। भगवान की कृपा से देश के विकास के साथ प्रदेश का विकास हो रहा है, यह हमारे लिए गौरव की बात है। उज्जैन शहर का निरंतर सौंदर्यीकरण कार्य किया जा रहा है। साथ ही सडक निर्माण, चौडीकरण आदि कार्यों के साथ शीघ्र ही शहर में फ्लाईओवर का निर्माण किया जाएगा। पीथमपुर-इंदौर-उज्जैन तक मेट्रो ट्रेन भी चलेगी। गोपाल मन्दिर चौक का शीघ्र विस्तारीकरण किया जाएगा।
विधायक अनिल जैन कालूहेडा ने स्वागत भाषण और कार्यक्रम की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मूर्ति वितरण कार्यक्रम में लगभग 300 मिट्टी से बनी मूर्तियों का वितरण शहर की विभिन्न समितियों और संगठनों को किया जा रहा है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का विधायक जैन, महापौर मुकेश टटवाल, सभापति कलावती यादव, संजय अग्रवाल आदि ने आत्मीय स्वागत किया और उन्हें श्रीगणेश की प्रतिमा भेंट की। कार्यक्रम में विवेक जोशी, रूप पमनानी, रमेश चन्द्र शर्मा, सत्यनारायण खोईवाल, विशाल राजौरिया, शिवेन्द्र तिवारी, ओम जैन सहित बडी संख्या में नागरिक उपस्थित थे। संचालन जगदीश पांचाल ने किया।