आलमपुर नप में घोटाले का मुख्य आरोपी क्लर्क इंदौर से गिरफ्तार

भिण्ड, 24 अप्रैल। नगर परिषद आलमपुर में घोटाले के मुख्य आरोपी शिवशंकर जाटव को आलमपुर पुलिस ने बुधवार को इंदौर से गिरफ्तार कर लिया।
जानकारी के अनुसार आलमपुर नगर परिषद में जिंदा लोगों को मृत बताकर उनकी मृतक सहायता राशि निकालकर करोडों रुपए का घोटाला किया गया था। मामला उजागर होने के बाद 30 अगस्त 2023 को आलमपुर पुलिस थाने में मुख्य क्लर्क शिवशंकर जाटव एवं कंप्यूटर ऑपरेटर मनीष दूरवार के खिलाफ मामला दर्ज करवाया गया था। जिसके कुछ महीनों बाद ही मनीष दूरवार को आलमपुर पुलिस द्वारा गिरफ्तार कर लिया गया था।
आलमपुर थाना प्रभारी रवि उपाध्याय ने बताया कि शिवशंकर जाटव को पकडने के लिए पुलिस हर जगह हाथ-पैर मार रही थी और मोबाइल लोकेशन एवं मुखबिर के जरिए लगातार आरोपी को पकडने का प्रयास कर रही थी। लेकिन सफलता नहीं मिल पा रही थी। मगर सटीक सूचना के आधार पर आलमपुर थाना पुलिस ने बुधवार की रात उसके इंदौर स्थित फ्लैट से उसे गिरफ्तार कर लिया। जिसे पुलिस गुरुवार की सुबह आलमपुर लेकर पहुंची और दोपहर में शिवशंकर जाटव को लहार न्यायालय में पेश किया गया।
शासन की राशि अब तक नहीं हो पायी वसूल
शिवशंकर जाटव द्वारा हेराफेरी कर राशि अपने चहेतों के खातों में डालकर शासन को करोडों रुपए की चपत लगाई गई थी। जिसे अब तक लोगों से वसूल नहीं किया जा सका है, जबकि उक्त सभी लोगों के बैंक खातों पर होल्ड लगाने की खानापूर्ति भी की गई थी।

इनका कहना है:

आरोपी को उसके इंदौर स्थित फ्लैट से गिरफ्तार किया गया है। न्यायालय में पेश करने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
रवि उपाध्याय, थाना प्रभारी आलमपुर