भिण्ड, 16 अप्रैल। आलमपुर के नागरिक बंदरों के आतंक से बुरी तरह से परेशान है। बंदर पिछले दो माह के अंदर अनेक लोगों को काटकर घायल कर चुके हैं। हालत यह है कि अब बंदर राह चलते लोगों पर हमला कर काटने लगे हैं।
नगर के लोगों ने बताया कि नगर में विचरण करने वाले बंदर कब किस बच्चें या व्यक्ति पर हमला कर दें इसका कोई भरोसा नहीं है। बंदर पिछले दो माह के अंदर एक दर्जन से अधिक बच्चे व महिलाओं को काटकर घायल कर चुके हैं। इसके अलावा कई लोग बंदरों के हमले से बचाने के चक्कर में गिरकर घायल हो चुके हैं। नगर के लोगों का कहना है कि नगर में उछल कूद मचाने वाले शरारती बंदर जिस घर में प्रवेश कर जाते हैं। उस घर में नुकसान करके ही बाहर निकलते हैं। नगर में कई लोगों के घरों में बंदर घरेलू सामान को तोड-फोड कर हजारों रुपए का नुकसान कर चुके हैं। बंदरों के आतंक की बजह से नगर के लोग अपने मकानों की छत पर खाद्य पदार्थों सहित कोई सामान नहीं रख पा रहे हैं।
आलमपुर नगर में बंदर तो काफी लम्बे समय से हैं, वर्षों पहले नगर परिषद कुछ बंदरों को पकडवा भी चुकी है। किन्तु नगर में बंदरों की संख्या अब फिर से बढ गई है। वर्तमान समय में नगर के लोग बंदरों के आतंक से बेहद परेशान हैं। बंदरों की समस्या को लेकर जब संवाददाता ने मुख्य नगर पालिका अधिकारी प्रमोद बरुआ से चर्चा की तो उन्होंने कहा कि हम नगर के लोगों को बंदरों की समस्या से निजात दिलाने की कोशिश कर रहे हैं। विगत दिनों पहले बंदरों को पकडने वाले लोगों से नगर में बंदरों को पकडने हेतु बात की थी। किन्तु बंदर पकडने वाले लोग अधिक पैसे मांग रहे हैं। बंदरों को पकडने के उचित पैसे लेने वाले लोगों से बात होने के उपरांत नगर में बंदरों को पकडने की कार्रवाई शुरू हो जाएगी।