ग्वालियर, 14 अप्रैल। देश के संविधान निर्माता भारत रत्न डॉ.भीमराव अंबेडकर की 134वीं जयंती नगर के लोगों ने हर्षोल्लास के साथ मनाई। बाबा साहब की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर नगर में भव्य चल समारोह निकाला गया। जिसमें जनप्रतिनिधि समाजसेवी और विभिन्न वर्गों के लोग शामिल हुए। सोमवार को विभिन्न वर्ग, संगठन और राजनैतिक दलों के लोग एकत्रित होकर करैरा तिराहे पर पहुंचे। जहां उन्होंने बाबा साहब की प्रतिमा पर श्रद्धा सुमन अर्पित कर उन्हें याद किया। वहीं वार्ड क्र.3 स्थित बगिया में 96 गांव समाज सुधार समिति द्वारा आयोजित कार्यक्रम में उपस्थित हुए क्षेत्रीय विधायक मोहन सिंह राठौर, भाजपा मंडल अध्यक्ष नरेद्र रावत, जनपद पंचायत अध्यक्ष लक्ष्मी नारायण, नगर परिषद अध्यक्ष बलदेव अग्रवाल, नगर परिषद उपाध्यक्ष मन्नू यादव, भाजपा नेता उदयभान सिंह रावत आदि लोगों ने समिति के सदस्यों के साथ संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की और सभी उपस्थितजनों ने बाबा साहब के बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।
इस दौरान क्षेत्रीय विधायक राठौर ने कहा कि बाबा साहब ने सभी वर्गों के हितों की रक्षा के लिए कार्य किया है। वे एक महापुरुष थे जिन्होंने सामाजिक समरसता के लिए संविधान की रचना की। हम सबको उनकी जनहितैषी नीतियों का पालन करना चाहिए। वहीं वार्ड क्र.3 स्थित बगिया से चल समारोह निकाला गया। करैरा तिराहे पर बाबा साहब की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित करने के बाद नगर मुख्य मार्गों से बैण्ड बाजों के साथ निकले चल समारोह का नगर के लोगों ने स्वागत किया। पुराने नगर परिषद कार्यालय के बाहर चल समारोह में चल रहे लोगों परे पुष्प वर्षा की गई।