भिण्ड, 05 अप्रैल। भारत विकास परिषद शाखा भिण्ड द्वारा नवरात्रि के पावन पर्व एवं नए सत्र का प्रारंभ हो गया है। शाखा सदस्यों ने शासकीय प्राथमिक विद्यालय सुभाष नगर में आदि शक्ति मां जगदंबा से प्रार्थना कर विद्यालय की सभी देवी स्वरूप कन्याओं का रोली, कुमकुम, अक्षत से तिलक कर चरण वंदन के साथ पूजन कर आशीर्वाद लिया। सदस्यों ने कन्याओं को खाद्य सामग्री, मिष्ठान के साथ-साथ अध्ययन सामग्री भी वितरित की। इस अवसर पर नवनिर्वाचित अध्यक्ष जयप्रकाश शर्मा, सचिव राजमणि शर्मा, कोषाध्यक्ष रेखा भदौरिया, पूर्व अध्यक्ष कमलेश सैंथिया, रश्मी खटीक, नीलम चतुर्वेदी, विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
गायत्री मन्दिर कुम्हरौआ पर रविवार को होंगे विभिन्न आयोजन
भिण्ड| गायत्री मन्दिर प्रज्ञा पीठ कुम्हरौआ पर रविवार को विभिन्न धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। यह जानकारी अखिल विश्व गायत्री परिवार के प्रमुख ट्रस्टी देवेन्द्र सिंह राजावत एवं तहसील समन्वयक सुरेन्द्र सिंह चौहान ने दी। उन्होंने बताया कि गायत्री मन्दिर प्रज्ञा पीठ कुम्हरौआ परिसर में रविवार को पांच कुण्डीय महायज्ञ सुबह नौ बजे से, सूर्य उदय से सूर्यास्त तक अखण्ड जप एवं नौ दिवसीय जप करने वाले श्रद्धालुओं की पूर्णाहुति एवं अखण्ड रामचरित पाठ के अवसर पर पूर्णाहुति का कार्यक्रम होगा। साथ ही दिन में 11 बजे से दीक्षा संस्कार व संपूर्ण संस्कार कराए जाने का कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। दोपहर 12 बजे भण्डारे का कार्यक्रम होगा।