-विधायक ने क्षेत्र के विकास हेतु नगर निगम, मेडिकल कॉलेज व अन्य समस्याओं पर की चर्चा
भिण्ड, 15 अक्टूबर। भिण्ड विधायक नरेन्द्र सिंह कुशवाह ने भोपाल में प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से मुलाकात कर किसानों की खाद वितरण की समस्या को लेकर चर्चा की। उन्होंने मुख्यमंत्री का क्षेत्र की समस्याओं की ओर ध्यान आकर्षित करते हुए कहा कि जिले में खाद का वितरण ठीक से नहीं हो पा रहा है, जिससे किसानों को काफी कठिनाइयों उठानी पड रही हैं।
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि जिले में खाद की कोई कमी नहीं है। प्रशासन को आवश्यक निर्देश प्रदान कर दिए गए हैं कि व्यवस्था अनुसार किसानों को खाद समय से उपलब्ध कराई जाए, ताकि किसानों को किसी भी प्रकार की दिक्कत ना हो। विधायक कुशवाह ने मुख्यमंत्री का ध्यान आकर्षित करते हुए कहा कि भिण्ड नगर पालिका को नगर निगम की स्वीकृति पूर्व में दी जा चुकी है। आगे की कार्रवाई शीघ्र प्रारंभ कराकर शहर को नगर निगम का दर्जा प्रदान किया जाए। उन्होंने कहा कि मेडिकल कॉलेज की बाउण्ड्रीवाल का काम प्रारंभ हो चुका है, जिसका और अधिक तेजी से कार्य प्रारंभ कराया जाए। उन्होंने ग्रामीण शहरी क्षेत्र की सडकों पर ध्यान आकर्षित कराया। सडकों की हालत काफी जर्जर है, राशि उपलब्ध कराकर शहर की सडकों का निर्माण कराया जाए।
विधायक नरेन्द्र सिंह कुशवाह ने मुख्यमंत्री से गौरी सरोवर सौंदर्यीकरण को लेकर सीवर प्रोजेक्ट के द्वितीय चरण इसके अलावा कई छोटी-छोटी रोड स्कूलों का उन्नयन सहित अन्य विकास कार्यों को लेकर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि भिण्ड विधानसभा क्षेत्र के ऊमरी नयागांव सागर टेहनगुर मार्ग वर्तमान में 3.75 मीटर चौडाई में निर्मित होकर अति साकर और साधन है, उपयुक्त मार्ग उत्तर प्रदेश सीमा को भी जोडता है, इस कारण मार्ग पर वाहनों का आना-जाना ज्यादा रहता है। टेहनगुर गांव सिंध नदी के किनारे स्थित है, जहां सिंध नदी पर पुल निर्माण होने के कारण बडे बहनों का आवागमन नियंत्रण बना रहता है। यह मार्ग विधानसभा क्षेत्र की 50 पंचायत को जोडती है, जिसकी जनसंख्या एक लाख से अधिक है। इस कारण मार्ग की चौडाई करने की अति आवश्यकता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि जनसमस्याओं का निराकरण अतिशीघ्र किया जाएगा।