भिण्ड, 15 सितम्बर। ढोल ग्यारस पर नगर दबोह में साज-सज्जा शाही सवारी के साथ ठाकुरजी जलविहार के लिए निकले। नगर के मुख्य सभी मार्गों से ढोल ग्यारस पर ठाकुरजी की पालकी एवं गाजे बाजे के साथ संपूर्ण नगर में यात्रा निकाली गई। जिसके बाद लोगों ने भगवान के दर्शन किए। ठाकुरजी की यह यात्रा नगर के प्रमुख मार्गों से होती हुई निकाली गई।
सबसे पहले सभी ठाकुरजी नगर के मुरली मनोहर मन्दिर पहुंचे, जहां से गाजे-बाजे से साथ पालकी में सवार ठाकुरजी करधेन कि ओर निकले। श्रद्धालुओं ने देवों का पूजन किया फिर आरती उतारकर क्षेत्र की समृद्धि की कामना की। तदुपरांत सभी करधेन पर पहुंचे जहां पुजारियों ने भगवान को स्नान कराकर महाआरती कर प्रसाद वितरण किया। वहीं नगर में लोगों ने ठाकुरजी के विमान के नीचे से निकलकर आशीर्वाद प्राप्त किया। करधेन से स्नान करके ठाकुरजी को शाही सबरी बापिस अपने मन्दिरों के लिए आई तो रास्ते में श्रद्धालुओं ने जगह-जगह उनकी पूजा की, आरती उतारकर भगवान का आशीर्वाद प्राप्त किया। वहीं ठाकुरजी का दबोह थाने पर थाना प्रभारी राजेश शर्मा ने पूजा अर्चना कर आरती उतारी, प्रसाद वितरण किया। ढोल ग्यारस के अवसर पर नगर के मुरली मनोहर मन्दिर वार्ड क्र.नौ, राम-जानकी मन्दिर वार्ड क्र.10, लक्ष्मणजी सरकार वार्ड क्र.छह, रामसीता सरकार वार्ड क्र.10, सिद्धेश्वर सरकार वार्ड क्र.आठ, रामलला सरकार वार्ड क्र.नौ आदि मन्दिरों के भगवान की झांकी निकाली गई। इस दौरान नगर के धर्मप्रेमी बंधु एवं सुरक्षा की दृष्टि से दबोह थाना प्रभारी अपने फोर्स के साथ मौजूद रहे।