विश्वेश्वरैया ने अपना पूरा जीवन देश को समर्पित किया था : प्रो. शर्मा

-हम फाउण्डेशन ने मनाई इंजी. विश्वेश्वरैया की जयंती

भिण्ड, 15 सितम्बर। हम फाउण्डेशन सिटी एवं विवेकानंद शाखा के सदस्यों द्वारा इंजीनियर दिवस, वरदान कौरव एवं तीन वर्षीय नन्ही बच्ची पीहू सेठ का जन्मदिन शहर में स्थित निराश्रित भवन में वृद्धजनों के बीच मनाया। इस अवसर पर प्रो. इकबाल अली, प्रो. रामानंद शर्मा, शंभूनाथ सेठ, विवेकानंद शाखा के अध्यक्ष योगेश शर्मा, सेवा प्रमुख विपुल सेठ, देवेन्द्र सिंह राजावत, विकुल कौरव, अरविन्द पावक, राज सिंह राजावत, दीपक बरुआ आदि उपस्थित थे।
प्रो. रामानंद शर्मा ने इंजीनियर विश्वेश्वरैया के जीवन पर प्रकाश डालते हुए बताया कि उन्होंने अपना पूरा जीवन देश के विकास के लिए समर्पित करते हुए अपने जीवनकाल में कहीं महत्वपूर्ण इंजीनियरिंग परियोजनाओं को पूरा किया। उन्हें भारत रत्न से सम्मानित भी किया गया था। प्रो. इकबाल अली ने कहा कि यह दिन देश के सभी इंजीनियरों की मेहनत और लगन को सलाम करने का दिन है जो देश के विकास में अपना योगदान दे रहे हैं। उन्होंने बताया कि इन्हीं इंजीनियरों के अथक प्रयासों की बदौलत लोगों की जिंदगी में बडा बदलाव आया है। योगेश शर्मा ने कहा कि आज का दिन बहुत शुभ दिन है, आज ऐसे महान इंजीनियर विश्वेश्वरैया की जयंती है, जिन्होंने भारत नहीं अपितु विदेश में भी अपने काम का डंका बजाया था। कार्यक्रम के अंत में इंजीनियर विश्वेश्वरैया की जयंती, वरदान कौरव के अन्न प्राशन एवं पीहू सेठ के जन्मदिन पर वहां उपस्थित वृद्धजनों को भोजन के पैकेट, फल, बिस्किट, नमकीन तथा पेय पदार्थ वितरित किया।