स्वामी नारायणानंद तीर्थ के आध्यात्मिक प्रवचन आज से

अमन आश्रम परा में होगा दस दिवसीय आयोजन

भिण्ड, 06 अक्टूबर। काशी धर्म पीठाधीश्वर जगतगुरु शंकराचार्य स्वामी नारायणानंद तीर्थ जी परा गांव में स्थित अमन आश्रम में पहुंच चुके हैं। जहां पर बड़ी संख्या में भक्तगण उनके दर्शनों के लिए पहुंच रहे हैं। शंकराचार्य द्वारा नवरात्रि के अवसर पर सात से 17 अक्टूबर तक 10 दिवसीय आध्यात्मिक प्रवचन जिले की अटेर तहसील स्थित ग्राम परा के अमन आश्रम में आध्यात्मिक प्रवचन प्रतिदिन दोपहर दो बजे से शाम चार बजे तक दिए जाएंगे।
जानकारी देते हुए आश्रम के संरक्षक निरंजन ब्रह्मचारी ने बताया कि गुरुदेव का भिण्ड और चंबल वासियों से बेहद स्नेह है और इसी के चलते वह चातुर्मास के बाद सीधे भिण्ड आश्रम पहुंचे हैं, जहां पर भक्तों को ज्ञान रसपान कराएंगे। इसके साथ ही नौ अक्टूबर को शंकराचार्य स्वामी नारायणानंद तीर्थ जी का जन्मदिन भी अमन आश्रम में धूमधाम से मनाया जाएगा। उक्त कार्यक्रम का आयोजन नारायण सेवा समिति भिण्ड द्वारा किया जा रहा है।