दोनों नेताओं ने छोडी भाजपा, भिण्ड विधानसभा से लडेंगे चुनाव
भिण्ड, 26 अक्टूबर। भिण्ड विधानसभा क्षेत्र में भाजपा को एक बार पुन: बड़ा झटका लगा है, यहां से वर्तमान विधायक संजीव सिंह कुशवाह ने भाजपा से बगावत कर बसपा का दामन थाम लिया है। उधर भाजपा के ही पूर्व जिलाध्यक्ष रविसेन जैन ने समाजवादी पार्टी की साइकिल पकड ली है।
जानकारी के मुताबिक विधानसभा भिण्ड से वर्तमान विधायक संजीव सिंह कुशवाह संजू बसपा से पिछला चुनाव जीतकर विधानसभा चुनाव से कुछ समय पहले बसपा छोडकर भाजपा में शामिल हो गए थे। लेकिन जब उन्हें भाजपा ने टिकिट नहीं दिया तो वे बगावत कर पुन: बसपा में समिल हो गए हैं। सूत्रों की मानें तो बसपा से उनका टिकिट भी लगभग फाइनल बताया जा रहा है।
वहीं भाजपा में करीब 37 सालों तक विभिन्न पदों पर रहे भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष रविसेन जैन को टिकिट नहीं मिलने पर साल 2003 के बाद एक बार फिर 2023 में भाजपा से नाता तोड दिया है। वे अब समाजवादी पार्टी में शामिल हो गए हैं और भिण्ड विधानसभा के लिए उन्होंने सपा की साइकिल को चुन लिया है। कहा जा रहा है कि भाजपा छोडकर अन्य दलों में शामिल हो रहे दिग्गज नेताओं की बगावत भाजपा को भारी पड सकती है।