भिण्ड, 25 फरवरी। शहर में इंसानियत युवा मण्डल समिति द्वारा संचालित नि:शुल्क पशु आश्रम में घायल व चोटिल जानवरों के उपचार हेतु एक नए विभाग का निर्माण किया गया है। जिसमें लगभग तीन लाख रुपए का खर्चा आया है, इस नए विभाग का शुभारंभ 26 फरवरी को शाम छह बजे किया जाएगा। साथ ही कार्यक्रम में समिति सदस्यों द्वारा सामाजिक बुराई जैसे। जातिवाद, नारी शोषण, भ्रष्टाचार, अंधविश्वास के प्रति जागरुकता के लिए एक नृत्य के माध्यम से प्रस्तुति भी तैयार की है। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि रूप में भिण्ड विधायक संजीव कुशवाह, कलेक्टर डॉ. सतीश कुमार एस, पुलिस अधीक्षक शैलेन्द्र सिंह चौहान सहित अन्य अतिथि उपस्थित होंगे। यह समिति विगत 10 वर्षों से शहर के अनेक युवक-युवतियों को सही मार्ग दिखाने का कार्य कर रही है। समिति के अध्यक्ष अनंत इंसानियत ने बताया कि इन नए कमरों के निर्माण का मुख्य उद्देश्य अधिक से अधिक घायल जानवरों की मदद व उपचार करना है।