गणतंत्र दिवस की तैयारी लेकर बैठक आयोजित, कलेक्टर ने अधिकारियों को दिए निर्देश

भिण्ड, 13 जनवरी। आगामी 26 जनवरी गणतंत्र दिवस जिले में मनाए जाने हेतु कलेक्टर डॉ. सतीश कुमार एस ने कलेक्ट्रेट सभागार भिण्ड में विभिन्न अधिकारियों की बैठक ली। जिसमें पुलिस अधीक्षक शैलेन्द्र सिंह चौहान, अपर कलेक्टर जेपी सैयाम, एसडीएम भिण्ड-अटेर उदय सिंह सिकरवार, मेहगांव वरुण अवस्थी, डिप्टी कलेक्टर पराग जैन, सीएमएचओ डॉ. यूपीएस कुशवाह के अलावा विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी एवं पुलिस अधिकारी उपस्थित थे।
कलेक्टर डॉ. सतीश कुमार एस ने कहा कि 26 जनवरी गणतंत्र दिवस का मुख्य समारोह पुलिस लाईन परेड ग्राउण्ड के मैदान में आयोजित किया जाएगा। जिसमें मुख्य अतिथि द्वारा संयुक्त परेड की सलामी ली जाएगी और प्रदेश की जनता के नाम मुख्यमंत्री के संदेश का वाचन किया जाएगा तथा विभिन्न विभागों की झांकियों का प्रदर्षन किया जाएगा। उन्होंने सभी विभागों के अधिकारियों से कहा कि कार्यालय के शासकीय भवनों पर गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर रोशनी की व्यवस्था की जाए। इसीतरह 26 जनवरी का पर्व विकास खण्ड एवं ग्राम पंचायत स्तर पर भी आयोजित किया जाएगा।
कलेक्टर ने सीएमओ नगर पालिका, पीएचई, पीडब्ल्यूडी, शिक्षा विभाग, महिला एवं बाल विकास, उद्यानिकी, कृषि विभाग, मत्स्य विभाग, स्वास्थ्य विभाग सहित अन्य विभागो के अधिकारियों को दिए गए दायित्वों के अनुसार सभी तैयारियां 25 जनवरी के पूर्व कर ली जाएं। उन्होंने कहा कि रिहर्सल परेड 26 जनवरी के पूर्व कर ली जाए। नई थीम के आधार पर झांकी प्रदर्शित की जाए झांकी सुंदर सुसज्जित हो चाहिए, झांकी क्रमानुसार लगाई जाए। झांकी की थीम को करने के उपरांत कलेक्टर को दिखाएं।
कलेक्टर ने कार्यालय प्रमुखों से कहा कि जिन जिन अधिकारी/ कर्मचारियों को गणतंत्र दिवस के अवसर पर प्रमाण पत्र दिलवाना है, उनके तीन-तीन नाम 20 जनवरी तक अनिवार्य रूप से अपर कलेक्टर के पास भिजवाना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि 26 जनवरी को सुबह आठ बजे तक अपने-अपने कार्यालयों पर ध्वजारोहण कर लिया जाए, तत्पश्चात पुलिस परेड ग्राउण्ड में उपस्थित होना सुनिश्चित करें। 26 जनवरी की संध्या पर कार्यक्रम निराला रंग बिहार में आयोजित किया जाएगा वहां पर सभी अधिकारी/ कर्मचारी उपस्थित रहना सुनिश्चित करें। उन्होंने कार्यक्रम के संबंध में आवश्यक दिशा निर्देश दिए।